BREAKING

देश-दुनियाफीचर्डविविध

राजस्थान के मुंह से जीत छीनी लखनऊ ने, आखिरी ओवर का रहा कुछ ऐसा रोमांच

155 रनों के स्कोर का पीछा करने उतरी राजस्थान की टीम 11 ओवरों तक बिना कोई विकेट गंवाए 81 रन बना चुकी थी, इसके बाद लखनऊ की टीम ने शानदार वापसी करते हुए मैच को 10 रनों से अपने नाम किया…

जयपुर (ए)। सवाईंमान सिंह स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2023 के 26वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स ने राजस्थान रॉयल्स को 10 रनों से हरा दिया. सांसें रोक देने वाले इस मैच में लखनऊ को उसके गेंदबाजों ने जीत दिलाई. इस सीज़न में यह लखनऊ की चौथी जीत है. लखनऊ ने पहले खेलने के बाद राजस्था को 155 रनों का लक्ष्य दिया था।

एक समय ऐसा लग रहा था कि राजस्थान रॉयल्स की टीम आसानी से यह मैच जीत लेगी. राजस्थान ने बिना कोई विकेट गंवाए 87 रन बना लिए थे, लेकिन फिर नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए और मैच में पीछे होते चले गए. राजस्थान की टीम को आखिरी ओवर में जीत के लिए 19 रनों की दरकार थी, लेकिन वह सिर्फ 8 रन ही बाने में कामयाब हो सकी।

155 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की तरफ से पारी की शुरुआत करने टीम के 2 सबसे अहम बल्लेबाज जोस बटलर और यशस्वी जायसवाल मैदान पर उतरे. दोनों ने टीम को इस सीजन में एक बार फिर से शानदार शुरुआत देते हुए पहले 6 ओवरों में स्कोर को बिना किसी नुकसान के 47 रनों तक पहुंचा दिया।

इसके बाद दोनों ने मिलकर तेजी के साथ रन बनाने का सिलसिला शुरू किया और 10 ओवरों के खत्म होने पर स्कोर को बिना किसी नुकसान के 73 रनों तक पहुंचाने का काम किया।

लखनऊ की टीम ने इस मैच में पारी के 12वें ओवर में राजस्थान की टीम को पहला झटका यशस्वी जायसवाल के रूप में 87 के स्कोर पर दिया. जायसवाल 35 गेंदों में 44 रनों की पारी खेलने के बाद पवेलियन लौटे. इसके बाद राजस्थान की टीम को 93 के स्कोर पर दूसरा झटका कप्तान संजू सैमसन के रूप में लगा जो सिर्फ 2 रनों की पारी खेलकर रन आउट हो गए।

97 के स्कोर पर राजस्थान रॉयल्स की टीम को तीसरा बड़ा झटका जॉस बटलर के रूप में लगा जो 41 गेंदों में 40 रनों की पारी खेलने के बाद पवेलियन लौटे. लखनऊ की टीम ने यहां से मैच में पूरी तरह से वापसी करते हुए 104 के स्कोर पर राजस्थान की टीम को चौथा झटका शिमरोन हेटमायर के रूप में दिया जो 2 रन बनाकर आवेश खान की गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे।

104 के स्कोर पर अपने 4 अहम विकेट गंवा चुकी राजस्थान रॉयल्स टीम की पारी को देवदत्त पद्दिकल ने रियान पराग के साथ मिलकर संभालने का प्रयास किया. दोनों के बीच में 5वें विकेट के लिए 26 गेंदों में 37 रनों की साझेदारी देखने को मिली. आखिरी 2 ओवरों में राजस्थान की टीम को जीत हासिल करने के लिए 29 रनों की जरूरत थी. इसके बाद पद्दिकल और रियान पराग ने इस ओवर में 10 रन बटोरते हुए 6 गेंदों में जीत के लिए 19 रनों तक लेकर मैच को आ गए थे।

राजस्थान की टीम को आखिरी ओवर में जीत के लिए 19 रनों की दरकार थी, जिसमें लखनऊ की तरफ से गेंदबाजी करने आए आवेश खान ने अपनी पहली गेंद पर चौका दे दिया. इसके बाद दूसरी गेंद पर आवेश ने वापसी करते हुए सिर्फ 1 रन दिया. तीसरी गेंद पर आवेश खान ने देवदत्त पद्दिकल का विकेट हासिल करते हुए मैच को और भी रोमांचक बना दिया।

अब राजस्थान की टीम को आखिरी 3 गेंदों पर जीत के लिए 14 रनों की दरकार थी, लेकिन ओवर की चौथी गेंद पर टीम ने अपना 6वां विकेट ध्रुव जुरेल के रूप में गंवाने के साथ अपनी हार को पूरी तरह से पक्का कर दिया. अंतिम 2 गेंदों पर राजस्थान की टीम सिर्फ 3 रन ही बनाने में कामयाब हो सकी और उसे 8 रनों से हार का सामना करना पड़ा. लखनऊ के लिए इस मैच में आवेश खान ने 3 जबकि मार्कस स्टोइनिस ने 2 विकेट अपने नाम किए।

इस मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स टीम की पारी को लेकर बात की जाए को तो उसमें कप्तान केएल राहुल और काइल मेयर्स के बल्ले का कमाल देखने को मिला. दोनों ने टीम को पहले 6 ओवरों में ही 37 रनों तक पहुंचा दिया था. इसके बाद राहुल और मेयर्स के बीच में पहले विकेट के लिए 82 रनों की बेहतरीन साझेदारी देखने को मिली. राहुल के बल्ले से इस मैच में 32 गेंदों में 39 रनों की पारी देखने को मिली।

काइल मेयर्स ने इस मैच में 42 गेंदों में 4 चौके और 3 छक्कों की मदद से 51 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली. लखनऊ की तरफ से अंतिम ओवरों में मार्कस स्टोइनिस के बल्ले से 21 और निकोलस पूरन के बल्ले से 29 रनों की पारी देखने को मिली जिसके दम पर टीम 20 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 154 के स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रही. राजस्थान की तरफ से अश्विन ने 2 विकेट अपने नाम किए।

Related Posts