पंजाब की टीम से लखनऊ के खिलाफ मुकाबले में हरप्रीत सिंह भाटिया को मौका मिला है, जो आईपीएल में 3981 दिन के बाद मुकाबला खेलने उतरे हैं…
लखनऊ (ए)। आईपीएल के 16वें सीजन का 21वां मुकाबला इस समय लखनऊ सुपर जायंट्स और पंजाब किंग्स की टीम के बीच में लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला जा रहा है. इस मैच में पंजाब की टीम ने 31 साल के खिलाड़ी हरप्रीत सिंह भाटिया को अपनी प्लेइंग 11 में शामिल करने का फैसला किया. हरप्रीत ने इससे पहले अपना आखिरी आईपीएल मुकाबला साल 2012 के सीजन में खेला था।
हरप्रीत सिंह भाटिया अब आईपीएल में 2 मैचों के बीच में सर्वाधिक अंतर के साथ खेलने के रिकॉर्ड को भी अपने नाम कर लिया है. साल 2010 के आईसीसी अंडर19 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का हिस्सा भी रहे जिसमें केएल राहुल और मयंक अग्रवाल जैसे खिलाड़ी भी शामिल थे. हरप्रीत को साल 2010 में कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने अपना हिस्सा बनाया था. इसके बाद साल 2011 में हरप्रीत को पुणे वॉरियर्स की टीम ने अपना हिस्सा बनाया।
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम ने साल 2017 में सरफराज खान के चोटिल होने के बाद हरप्रीत को अपनी टीम में शामिल जरूर किया था, लेकिन उन्हें एक भी मुकाबले में खेलने का मौका नहीं मिल सका था. अब लखनऊ के खिलाफ उन्हें 3,981 दिन के बाद आईपीएल में खेलने का मौका मिला है।
इससे पहले मैथ्यू वेड के नाम था यह रिकॉर्ड आईपीएल में सबसे लंबे अंतराल के बीच में मैच खेलने का रिकॉर्ड हरप्रीत सिंह भाटिया से पहले मैथ्यू वेड के नाम पर था, जिन्होंने साल 2011 के सीजन के बाद सीधे साल 2022 के सीजन में अपना अगला आईपीएल मैच खेला था. इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर वेन पर्नेल हैं, जिन्होंने साल 2014 के सीजन के बाद इस सीजन में अपना अगला मुकाबला खेला।
छत्तीसगढ़ की तरफ से घरेलू क्रिकेट में खेलने वाले हरप्रीत सिंह भाटिया ने पिछले रणजी सीजन में टीम की कप्तानी भी की थी, इसके अलावा उन्होंने घरेलू क्रिकेट में मध्य प्रदेश की टीम के लिए भी खेला है।









