असम ने एक ही स्थान पर किए गए सबसे बड़े बिहू डांस कार्यक्रम को लेकर गिनीज बुक में दो विश्व रिकॉर्ड कायम किए हैं…
गुवाहाटी (ए)। असम के नव वर्ष पर मनाए जाने वाले रोंगाली पर्व के अवसर पर लोकनृत्य बिहू और पारंपरिक संगीत ने गिनीज वुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज करा लिया है. गुरुवार 13 अप्रैल को गुवाहाटी स्थित सरुसजई स्टेडियम में बिहू डांसर्स और ड्रमर्स की परफॉर्मेंस हुई. बिहू कलाकारों ने दो अलग-अलग विश्व कीर्तिमान स्थापित किए हैं।
पहला रिकॉर्ड एक ही स्थान पर सबसे बड़ी एथनिक डांस परफॉर्मेंस को लेकर है जबकि दूसरा रिकॉर्ड एक ही जगह पर सबसे बड़ी ट्रेडिशनल म्यूजिक परफॉर्मेंस को लेकर दर्ज हुआ है. असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और उनकी कैबिनेट के मंत्री अशोक सिंघल ने ट्वीट करके इस बारे में जानकारी दी. विश्व कीर्तिमान रचने के मौके पर स्टेडियम में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा भी मौजूद थे।
सीएम सरमा ने खुशी बयां करते हुए ट्वीट में कहा, ”हमने आज सरुसाजई में दो विश्व रिकॉर्ड के लिए प्रतियोगिता में हिस्सा लिया. 11,304 डांसर्स और ड्रमर्स ने बिहू परफॉर्म किया, जो आज से पहले कभी नहीं हुआ. 2548 धुलिया ने 1356 ढोल के पुराने विश्व रिकॉर्ड को तोड़ते हुए प्रदर्शन किया. ग्रेट वर्क टीम असम!” सीएम सरमा के कार्यालय से किए गए एक ट्वीट में मुख्यमंत्री थिरकते हुए भी नजर आए।
इससे पहले मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने ट्वीट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी याद किया. उन्होंने लिखा, ”आदरणीय प्रधानमंत्री के असम दौरे की पूर्व संध्या पर आज के मेगाबिहू रिहर्सल की यादगार झलकियां साझा कर रहा हूं. ऐसा लगता है कि हमने आज गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में जगह बना ली है. बता दें कि 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के लिए असम पहुंचेंगे. रिपोर्ट्स के मुताबिक, बिहू कलाकार लंबे समय से इस कार्यक्रम के लिए अभ्यास कर रहे थे. कलाकारों को इसमें शामिल करने के लिए राज्यभर में ऑडिशन किए गए थे।









