कुछ समय पहले अडानी पावर ने बांग्लादेश को बिजली आपूर्ति करने के करार पर हस्ताक्षर किया था. अब कंपनी ने अपने थर्मल पावर प्लांट से आपूर्ति शुरू कर दी है…
नईदिल्ली (ए)। विभिन्न क्षेत्रों में कारोबार करने वाले अडानी समूह की बिजली कंपनी अडानी पावर लिमिटेड ने पड़ोसी देश बांग्लादेश को आपूर्ति की शुरुआत कर दी है. कंपनी ने इसके लिए झारखंड के गोड्डा जिले में एक थर्मल पावर प्लांट लगाया है. इससे पड़ोसी देश के यहां बिजली आपूर्ति की स्थिति में काफी सुधार आने की उम्मीद की जा रही है।
अडानी समूह की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि अडानी पावर लिमिटेड ने झारखंड के गोड्डा जिले में 800 मेगावाट की पहली अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल थर्मल पावर जेनरेशन यूनिट लगाई है. इसके साथ ही कंपनी ने बांग्लादेश को 748 मेगावाट बिजली की आपूर्ति शुरू कर दी है. कंपनी ने कहा कि गोड्डा से भेजी जा रही बिजली से पड़ोसी देश में स्थिति सुधरेगी, साथ ही महंगे तरल ईंधन से बनने वाली महंगी बिजली से भी बांग्लादेश को राहत मिलेगी और अंतत: वहां खरीदी जा रही बिजली की औसत लागत में कमी आएगी।
अडानी पावर लिमिटेड के सीईओ एसबी ख्यालिया ने कहा, “भारत और बांग्लादेश के पुराने संबंधों के हिसाब से गोड्डा पावर प्लांट रणनीतिक महत्व रखने वाली संपत्ति है. यह बांग्लादेश में बिजली आपूर्ति को आसान बनाएगा और वहां के उद्योगों व पारिस्थितिकी की प्रतिस्पर्धिता को बढ़ाएगा. यह भारत के साथ-साथ पूरे दक्षिण-पूर्वी क्षेत्र में लगने वाला सबसे दक्ष और पर्यावरण के अनुकूल थर्मल पावर प्लंट होने जा रहा है. यह अपनी श्रेणी में दुनिया के सबसे अच्छे प्लांट में से एक होगा. यह देश का पहला पावर प्लांट है, जिसने पहले दिन 100 फीसदी फ्लू गैस डिसल्फराइजेशन, एससीआर और जीरो वाटर डिस्चार्ज के साथ परिचालन शुरू किया है।”
बांग्लादेश पावर डेवलपमेंट बोर्ड ने नवंबर 2017 में अडानी पावर लिमिटेड की पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी अडानी पावर झारखंड लिमिटेड के साथ लंबी अवधि का बिजली खरीद अनुबंध किया था. यह अनुबंध गोड्डा में बनने वाली 8-8 सौ मेगावाट क्षमता वाली दो अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल थर्मल पावर जेनरेशन यूनिट से 1,496 मेगावाट बिजली की खरीद करने को लेकर था।









