भिलाई इस्पात संयंत्र की कई उत्पादन इकाइयों ने वित्तीय वर्ष 2022-23 के अंतिम महीने में अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज किया है। कोक उत्पादन से लेकर सिंटर, एसएमएस-3 से कास्ट स्टील, रेल, स्ट्रक्चरल और कुल फिनिश्ड स्टील उत्पादन में माह मार्च 2023 में नए रिकॉर्ड बनाए गए।
संयंत्र के कोक ओवन ने जनवरी 2023 दर्ज किए पिछले सर्वश्रेष्ठ 2,78,102 टन ड्राई ब्लास्ट फर्नेस कोक के उत्पादन को पीछे छोड़कर अब तक का सर्वश्रेष्ठ मासिक उत्पादन करते हुए 2,78,296 टन का एक नया रिकॉर्ड बनाया। सिंटर प्लांट-3 ने मार्च 2023 में 5,38,095 टन सिंटर उत्पादन का मासिक रिकाॅर्ड दर्ज करते हुए जनवरी 2023 में किए गए पिछले सर्वश्रेष्ठ उत्पादन 5,17,703 टन के रिकाॅर्ड को ध्वस्त किया। मार्च 2023 में दर्ज कुल सिंटर उत्पादन 7,59,729 टन भी मार्च 2022 के पिछले सर्वश्रेष्ठ 7,59,643 टन की तुलना में अधिक रहा।
स्टील मेल्टिंग शॉप-3 ने मार्च 2023 में अब तक का सर्वश्रेष्ठ 3,12,032 टन कुल कास्ट स्टील उत्पादन दर्ज करते हुए जनवरी 2023 में दर्ज पिछले सर्वश्रेष्ठ 3,04,757 टन को पार किया। इसके साथ ही मार्च 2023 में एसएमएस-3 ने 1,83,546 टन कास्ट बिलेट और 1,28,487 टन कास्ट ब्लूम्स का सर्वश्रेष्ठ मासिक उत्पादन किया। यूनिवर्सल रेल मिल ने भी मार्च 2023 को 85,503 टन फिनिश्ड रेल तथा 77,596 टन लांग रेल का सर्वश्रेष्ठ मासिक उत्पादन दर्ज किया है।
यूआरएम और रेल एंड स्ट्रक्चरल मिल ने मिलकर कुल 94,042 टन लांग रेल उत्पादन कर किसी भी महीने में अब तक का सर्वश्रेष्ठ मासिक उत्पादन दर्ज करते हुए जनवरी 2023 में दर्ज पिछले सर्वश्रेष्ठ रिकॉर्ड 86,621 टन को पीछे छोड़ा। यूआरएम द्वारा 80,780 टन लांग रेल की लोडिंग तथा दोनों रेल मिलों द्वारा मिलकर कुल 97,681 टन लांग रेल की लोडिंग की गई जो कि अब तक के किसी भी महीने के लिए सर्वश्रेष्ठ लांग रेल लोडिंग है।
संयंत्र की बार एंड रॉड मिल ने भी दिसंबर 2022 में दर्ज पिछले सर्वश्रेष्ठ 80,321 टन के रिकाॅर्ड को काफी पीछे छोड़ते हुए मार्च 2023 में 91,119 टन का अब तक का सर्वश्रेष्ठ मासिक उत्पादन दर्ज किया है। प्लांट की फिनिशिंग मिलों ने मिलकर कुल 4,43,763 टन फिनिश्ड स्टील प्रोडक्शन कर जनवरी 2023 में दर्ज पिछले सर्वश्रेष्ठ 4,13,134 टन फिनिश्ड स्टील प्रोडक्शन को पार किया।
एसएमएस-2 के कास्टर 6 ने दर्ज किये नये रिकॉर्ड भिलाई इस्पात संयंत्र के स्टील मेल्टिंग शॉप-2 के कास्टर-6 ने अपनी मापित क्षमता 0.8 मिलियन टन के मुकाबले अब तक का सर्वश्रेष्ठ 0.88 मिलियन टन वार्षिक कास्ट स्टील उत्पादन दर्ज करते हुए वर्ष 2014-15 में दर्ज 0.82 मिलियन टन के रिकाॅर्ड को पीछे छोड़ा।
एसएमएस-2 के हाई स्पीड कास्टर-6 ने 25.80 हीट औसत टंडिश लाइफ का नया रिकॉर्ड बनाया। वर्ष 2021-22 में दर्ज पिछले सर्वश्रेष्ठ टंडिश लाइफ 18.53 हीट को पार करते हुए यह नया कीर्तिमान दर्ज किया गया।
वर्ष 2022-23 के दौरान कास्टर-6 ने 778 हीट का अब तक का सर्वश्रेष्ठ मासिक उत्पादन दर्ज किया एवं 51 हीट का मासिक औसत टंडिश लाइफ भी दर्ज किया। लंबे कास्टिंग सिक्वेंस के परिणामस्वरूप अधिक उत्पादन हुआ है। प्लेट मिल में स्लैब की हॉट चार्जिंग भी सबसे अच्छी रही, जिससे प्लेट मिल को अपनी रोलिंग दर बढ़ाने में मदद मिली।
मुख्य महाप्रबंधक (एसएमएस-2) एस घोषाल के नेतृत्व में कास्टर-6 टीम ने श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए नये रिकाॅर्ड दर्ज किये। मैकेनिकल और इलेक्ट्रिकल टीमों का नेतृत्व महाप्रबंधक श्री योगेश शास्त्री और महाप्रबंधक सौरभ जैन कर रहे हैं। ऑपरेशन टीम का नेतृत्व महाप्रबंधक आलोक माथुर ने किया।
भिलाई इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी अनिर्बान दासगुप्ता और कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) अंजनी कुमार सहित प्लांट के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने टीम को उसके श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए बधाई दी है।









