बलौदा बाजार। दिनांक 31.03.2023 को शासन द्वारा आदेश जारी कर जिला बलौदाबाजार-भाटापारा के पुलिस चौकी लवन एवं सहायता केंद्र हथबंद को थाना के रूप में उन्नयन किया गया है। शासन द्वारा जनसुविधा, क्षेत्र में समुचित कानून व्यवस्था एवं प्रशासनिक कारणों को दृष्टिगत रखते हुए चौकी लवन एवं सहायता केंद्र हथबंद को थाना के रूप में उन्नयन किया गया है। पूर्व में पुलिस चौकी लवन, थाना कसडोल एवं पुलिस सहायता केंद्र हथबंद, थाना सिमगा के अंतर्गत आता था।
उक्त आदेश के परिपालन में थाना हथबंद में पुलिस महानिरीक्षक रायपुर क्षेत्र, रायपुर आरिफ एच. शेख एवं थाना लवन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार झा द्वारा रोजनामचा लिखकर दोनों थानों में विधिवत कार्य प्रारंभ किया गया। इस प्रकार जिले में अब थाना के रूप में क्रमशः 11. लवन एवं 12. हथबंद के रूप में कुल 12 थाने हो गए है।
थाना लवन- शासन द्वारा थाना उन्नयन संबंधी उक्त आदेश के साथ चौकी लवन से 68, एवं थाना सिटी कोतवाली से ग्राम अमलकुंडा को समाहित कर पुलिस थाना लवन का निर्माण किया गया है। इस प्रकार थाना लवन में लवन नगर, अहिल्दा, मुंडा, परसापाली, तुरमा, भालूकोना सहित कुल 69 ग्राम आएंगे। थाना लवन का खुलना इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि लवन से अन्य थानों की दूरी लगभग 10-12 किलोमीटर के लगभग है तथा लवन थाना क्षेत्र सरहदी जिलों बिलासपुर, जांजगीर-चांपा से लगा हुआ हैं।
साथ ही बलौदाबाजार-कसडोल- गिधौरी होते हुए सारंगढ़ एवं शिवरीनारायण तक बहुत ही व्यस्त सड़क मार्ग स्थित है, जिसमें समुचित यातायात व्यवस्था तथा क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिकोण से भी क्षेत्र के रहवासियों द्वारा काफी समय से यहां थाना खोलने की मांग भी की जा रही थी। वर्तमान में थाना लवन में प्रभारी के रूप में उप निरीक्षक उमेश वर्मा को पदस्थ किया गया है। बहुत जल्द ही थाना के रूप में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल भी थाना लवन में तैनात किया जाएगा।
थाना हथबंद– शासन द्वारा थाना उन्नयन संबंधी उक्त आदेश के साथ थाना सिमगा के 17, थाना भाटापारा ग्रामीण के 08 एवं थाना सुहेला के 07 ग्रामों को समाहित कर पुलिस थाना हथबंद का निर्माण किया गया है। इस प्रकार थाना हथबंद में ग्राम खिलोरा, रिंगनी, मनोहरा, कुकराचुंदा, सिनोधा, जांगड़ा, करेली, संकरी भैंसा सहित कुल 32 ग्राम आएंगे। थाना हथबंद का खुलना इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि हथबंद से अन्य थानों की दूरी लगभग 08-10 किलोमीटर के लगभग है तथा इस क्षेत्र में अपोलो संयंत्र एवं आगामी दिनों में कई बड़े औद्योगिक संयंत्र स्थापित होने वाले हैं।
इसके अतिरिक्त क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिकोण से भी क्षेत्र के रहवासियों द्वारा काफी समय से यहां थाना खोलने की मांग भी की जा रही थी। थाना के रूप में उन्नयन होने से हथबंद में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती एवं क्षेत्र में आवश्यक सुरक्षा प्रबंध में अत्यंत सहायक है। वर्तमान में थाना हथबंद में प्रभारी के रूप में सहायक उपनिरीक्षक जगदेव साहू को पदस्थ किया गया है एवं बहुत जल्द थाना हथबंद में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल भी तैनात किया जाएगा।









