केंद्र सरकार की इस लिस्ट में पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के आरोपी गोल्डी बराड़ का नाम भी शामिल है. लिस्ट के अनुसार गोल्डी अमेरिका में छिपा है…
नईदिल्ली (ए)। केंद्र सरकार ने 14 देशों में छिपे 28 मोस्ट वांटेड गैंगस्टर्स की एक सूची तैयार की है. जिनमें से नौ कनाडा में और पांच अमेरिका में छिपे हुए हैं. सूत्रों ने सोमवार 3 अप्रैल को पीटीआई को ये जानकारी दी. पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के आरोपी सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ सहित इन गैंगस्टरों के खिलाफ हत्या, जबरन वसूली और अपहरण के मामले दर्ज हैं।
माना जा रहा है कि एक अन्य वांछित गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई उर्फ भानु ने अमेरिका में शरण ली हुई है. सूत्रों ने कहा कि उस पर आतंकवादी हमले करने और फिल्म व व्यवसाय जगत की प्रमुख हस्तियों की हत्या करने का आरोप है. कनाडा में रह रहे नौ आरोपियों में सुखदूल सिंह उर्फ सुखा दुनेके, गुरपिंदर सिंह उर्फ बाबा दल्ला, सतवीर सिंह वारिंग उर्फ सैम, स्नोवर ढिल्लों, लखबीर सिंह उर्फ लांडा, अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श डाला, चरणजीत सिंह उर्फ रिंकू बिहला, रमनदीप सिंह उर्फ रमन जज व गगनदीप सिंह उर्फ गगना हथुर शामिल हैं।
अमेरिका में छिपे पांच गैंगस्टरों में सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़, अनमोल बिश्नोई, हरजोत सिंह गिल, दरमनजीत सिंह उर्फ दारमन खलों और अमृत बल शामिल हैं. संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से सक्रिय गैंगस्टर विक्रमजीत सिंह बराड़ उर्फ विक्की और कुलदीप सिंह उर्फ नवांशहरिया हैं. जबकि रोहित गोदारा यूरोप में, गौरव पटियाल उर्फ लकी पट्याल अर्मेनिया में, सचिन थापन उर्फ सचिन बिश्नोई अजरबैजान में, जगजीत सिंह उर्फ गांधी और जैकपाल सिंह उर्फ लाली धालीवाल मलेशिया में हैं।
इस सूची के अनुसार हरविंदर सिंह उर्फ रिंदा पाकिस्तान में, राजेश कुमार उर्फ सोनू खत्री ब्राजील में, संदीप ग्रेवाल उर्फ बिल्ला इंडोनेशिया में, मनप्रीत सिंह उर्फ पीटा फिलीपींस में, सुप्रीत सिंह उर्फ हैरी चट्ठा जर्मनी में, गुरजंट सिंह उर्फ जनता ऑस्ट्रेलिया में है और रमनजीत सिंह उर्फ रोमी हांगकांग में है।









