BREAKING

दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

30वीं सब जूनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिता संपन्न: हरियाणा दोनों वर्गों में बना चैंपियन, छत्तीसगढ़ की बालिका टीम बनी उपविजेता

भिलाई। 30वीं सब जूनियर थ्रोबॉल नेशनल प्रतियोगिता में बालिका वर्ग में हरियाणा एवं छत्तीसगढ़ के बीच हुए कड़े मुकाबले में हरियाणा ने विजय हासिल किया, जबकि पुरुष वर्ग में हरियाणा ने लगातार सेट में गुजरात को हराकर राष्ट्रीय प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। मुख्य अतिथि भाजपा के महिला मोर्चा की जिला अध्यक्षा स्वीटी कोसिक, विशिष्ट अतिथि भाजपा नेता दया सिंह, चेयरमैन मनसा कॉलेज ऑफ एजुकेशन संजीव सक्सेना, पूर्व सी.एम. एच.ओ. दुर्ग गंभीर सिंह ठाकुर ने विजेता एवं उपविजेता टीम को ट्राफी एवं उपहार दिया। अतिथियों के गरिमामई उपस्थिति में दोनों फाइनल मैच खेले गए। मैच प्रारंभ होने से पूर्व सभी अतिथियों ने फाइनलिस्ट टीम के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनको शुभकामनाएं दी।

समापन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि स्वीटी कौशिक ने सफलतम आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दिया एवं खिलाड़ियों को हर प्रकार के सहयोग का विश्वास दिलाया। उन्होंने कहा छत्तीसगढ़ खेल जगत में अपना परचम लहरा रहा है, छत्तीसगढ़ की बेटियों ने प्रतियोगिता में उपविजेता बनने का गौरव हासिल किया है। आने वाले समय में विजेता ट्रॉफी भी छत्तीसगढ़ टीम की शोभा बढ़ाएगी।

समापन समारोह में स्वागत भाषण करते हुए भारतीय थ्रोबॉल संघ के महासचिव रमन साहनी ने कहा व्यावसायिक युग में क्रिकेट के बढ़ते प्रभाव एवं दबदबा के बीच थ्रोबॉल को भी देश में पहचाना जा रहा है। राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में सहयोग के लिए खेल प्रेमियों भारतीय थ्रोबॉल संघ आभार व्यक्त करता है। राष्ट्रीय थ्रोबॉल प्रतियोगिता में खिलाड़ियों को सकारात्मक माहौल उपलब्ध कराने को लेकर निरंतर प्रयास जारी है ।

छत्तीसगढ प्रदेश थ्रोबाल संघ के सचिव मनसुबद्दीन ने सभी पदक प्राप्त खिलाड़ियों को बधाईयां दी।

समापन समारोह में विशिष्ट अतिथि दया सिंह ने शामिल होने वाले तेलंगाना, महाराष्ट्र, केरल, राजस्थान, हरियाणा, बंगाल, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, आंध्रप्रदेश, बिहार, गुजरात, पंजाब, मुम्बई, झारखण्ड के टीम मैनेजर,सचिव एवं कोच को प्रतीक चिन्ह एवम उपहार भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने अपने वोजस्वी व्यक्तव्य से खिलाड़ियों में कठिन परिश्रम और एकाग्रता के साथ आगे बढ़ने का मंत्र दिया।

समारोह का मंच संचालन आयोजन अध्यक्ष श्रीकांत दास गुप्ता ने किया।
प्रतियोगिता के बालक वर्ग के परिणाम:–
विनर : हरियाणा, रनर – गुजरात, सेकेंड रनर – राजस्थान एवम छत्तीसगढ़।
प्रतियोगिता के बालिका वर्ग के परिणाम:–
विनर : हरियाणा, रनर – छत्तीसगढ़, सेकेंड रनर – आंध्र प्रदेश एवम पंजाब।

Related Posts