BREAKING

छत्तीसगढ़फीचर्ड

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज अनेक कार्यक्रम में होंगे शामिल, खैरागढ़ तहसील स्थित नवागांव कला भी जाएंगे

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज एक अप्रैल को अनेक कार्यक्रमों में शामिल होंगे। श्री बघेल निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूर्वान्ह 11.30 बजे राजधानी रायपुर के चौबे कालोनी में महाराष्ट्र मण्डल रायपुर के नव निर्मित भवन का लोकार्पण करेंगे। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 12.40 बजे पुलिस लाईन रायपुर से हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होकर 1.05 बजे खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले की खैरागढ़ तहसील स्थित नवागांव कला पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री वहां स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होने के बाद दोपहर 2.10 बजे रायपुर लौट आएंगे।

मुख्यमंत्री ने बिसाहू दास महंत की जयंती पर उन्हें किया नमन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने स्वर्गीय बिसाहू दास महंत की जयंती पर उन्हें नमन किया। उन्होंने लोकप्रिय राजनेता स्वर्गीय बिसाहू दास महन्त को स्मरण करते हुए कहा कि उनका पूरा जीवन जनसेवा से जुड़ा रहा। श्री महन्त ने अविभाजित मध्यप्रदेश में विधायक तथा मंत्री के रूप में प्रदेश के विकास के लिए अपनी अमूल्य सेवाएं दी। हसदेव बांगो सिंचाई परियोजना उनके सपनों का साकार रूप है। उन्होंने लोगों की बेहतरी के लिए क्षेत्र में खेती-किसानी, सिंचाई तथा सड़कों के कार्यों को बखूबी अंजाम दिया। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कहा कि स्वर्गीय बिसाहू दास महन्त के सपनों के अनुरूप नवा छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा राज्य सरकार आगे बढ़ रही है।

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ में नाचा के जनक दाऊ दुलार सिंह मंदराजी की जयंती पर उन्हें किया नमन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने लोककला ‘नाचा‘ के जनक माने जाने वाले स्वर्गीय दाऊ दुलार सिंह मंदराजी की एक अप्रैल को जयंती पर उन्हें नमन किया है। श्री बघेल ने छत्तीसगढ़ी लोककला के संरक्षण में दाऊ जी के अमूल्य योगदान को याद करते हुए कहा कि दाऊ मंदराजी ने ‘नाचा‘ को पुनर्जीवित करने और उसे बचाए रखने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने नाचा को सामाजिक कुरीतियों के प्रति जनचेतना जगाने का माध्यम बनाया।

श्री बघेल ने कहा कि दाऊ जी ने लोक कलाकारों को संगठित कर छत्तीसगढ़ी नाचा-गम्मत को विश्वपटल पर स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। राज्य सरकार द्वारा कला के ऐसे सच्चे साधक के सम्मान और नाचा कला को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए दाऊ दुलार सिंह मंदराजी सम्मान दिया जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि लोगों में नाचा कला को पुनर्स्थापित करने वाले लोक कलाकार दाऊ दुलार सिंह मंदराजी का व्यक्तित्व अगली कई पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।

Related Posts