BREAKING

छत्तीसगढ़फीचर्ड

फर्जी नाम एवं डिग्री के सहारे इलाज करने के गोरखधंधे का भंडाफोड़, फर्जी डॉक्टर गिरफ्तार, जांच जारी

आरोपी द्वारा स्वयं को वरिष्ठ निश्चेतना विशेषज्ञ के रूप में किया जाता था प्रस्तुत,फर्जी डॉक्टर आद्या हॉस्पिटल कसडोल में पहुंचा था इलाज करने, हॉस्पिटल में “ऑन कॉल” पर उपलब्ध होने का फैलाया था जाल, आरोपी फर्जी डॉक्टर पिछले 01 साल से श्री राम हॉस्पिटल बलौदाबाजार में कर रहा था काम, संपूर्ण जांच में आरोपी के पिछले काफी समय से लोगों का इलाज करने एवं प्रैक्टिस करने का भी चला है पता, पूछताछ पर बलौदाबाजार, भाटापारा एवं रायपुर के कई प्रतिष्ठित हॉस्पिटल में आरोपी के काम करने का है पता चला, फर्जी डॉक्टर के अन्य हॉस्पिटल में भी काम करने के संबंध में जांच है जारी…

बलौदा बाजार। दिनांक 25.03.2023 को प्रार्थी डॉ आर.एस.जोशी, डायरेक्टर आद्या हॉस्पिटल कसडोल द्वारा लिखित आवेदन देकर श्याम कोसले नामक व्यक्ति के फर्जी डिग्री के सहारे मरीजों का इलाज करने संबंधी रिपोर्ट दर्ज कराया गया। प्रकरण में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार झा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सचिन्द्र चौबे एवं उप पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह के निर्देशन में आवेदन पत्र की सघन जांच कर आरोपी श्याम कोसले को अभिरक्षा में लिया गया।

जांच में आरोपी श्याम कोसले द्वारा फर्जी नाम पता डॉक्टर गौरी श्याम नंदा पिता राधेश्याम नंदा निवासी पुरुषोत्तमपुर जिला जयपुर उड़ीसा के नाम से स्वयं को निश्चेतना विशेषज्ञ डॉक्टर के रूप में प्रस्तुत करना पाया गया।

साथ ही जांच क्रम में आरोपी द्वारा फर्जी सर्टिफिकेट देकर अस्पताल में‌ “ऑन कॉल” के माध्यम से फर्जी डॉक्टर बनकर, धोखा देकर फर्जी तरीके से डॉक्टरी सेवा देने प्रतिरूपण द्वारा छल करना तथा गलत दस्तावेज देकर अस्पताल प्रबंधन एवं आम लोगों को गुमराह कर छल करना पाया गया। जांच पर आरोपी के विरुद्ध थाना कसडोल में अपराध क्र. 248/2023 धारा 419,420,467,468,470,471 भादवि का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

कि प्रकरण में फर्जी डॉक्टर का नाम एवं फर्जी डिग्री के सहारे इलाज करने वाले आरोपी श्याम कोसले पिता लैनूराम कोसले उम्र 40 साल निवासी ग्राम बंगोली थाना कुरूद जिला धमतरी को पकड़कर मेमोरंडम कथन के तहत फर्जी दस्तावेज आदि जप्त किया गया है।

आरोपी श्याम कोशले से पूछताछ पर बलौदाबाजार के श्री राम हॉस्पिटल, आनंद हॉस्पिटल, ओमकार हॉस्पिटल, वाजपेई नर्सिंग होम, वर्मा हॉस्पिटल भाटापारा एवं रायपुर के मित्तल हॉस्पिटल में भी आरोपी द्वारा काम करना बताया गया है। उक्त दिशा में भी पुलिस द्वारा जांच कार्यवाही की जा रही है। इसके अलावा जांच में यह बात भी सामने आई कि आरोपी काफी समय से लोगों का इलाज एवं प्रैक्टिस कर रहा है।

इस फर्जी डॉक्टर का पकड़ा जाना निश्चय ही पुलिस के लिए एक बहुत बड़ी उपलब्धि है, क्योंकि फर्जी डिग्री के सहारे इलाज करना, एक प्रकार से मासूम मरीजों की जान के साथ बहुत बड़ा खिलवाड़ है। आरोपी को आज दिनांक 26.03.2023 को विधिवत गिरफ्तार कर ज्यूडिशियल रिमांड पर भेजा गया है।

प्रकरण की विवेचना एवं आरोपी को पकड़ने में कसडोल पुलिस व साइबर सेल की संयुक्त टीम से निरीक्षक के.सी.दास थाना प्रभारी कसडोल, प्रधान आरक्षक हितेंद्र सोनी, आरक्षक चमन मिथिलेश, अनुराग कोसरिया, सुजीत तंबोली, अमिर राय, लोरिक शांडिल एवं विजेंद्र निराला का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Related Posts