इस साल 2023 के अंत में भारत में वनडे वर्ल्ड कप का आयोजन किया जाना है, जिसकी शुरुआत 5 अक्टूबर से देखने को मिल सकती है और कुल 48 मुकाबले खेले जा सकते हैं…
नईदिल्ली (ए)। इस साल के अंत में भारत में आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप का आयोजन किया जाएगा, जिसको लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अभी से तैयारी करना शुरू कर दिया है. वैसे तो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) एक साल पहले ही वर्ल्ड कप जैसे इवेंट के शेड्यूल को जारी कर देती है लेकिन इस बार ऐसा अभी तक नहीं हो सका है. अब सामने आ रहीं खबरों के अनुसार BCCI भारत सरकार को ICC की तरफ से 936 करोड़ रुपए टैक्स अदा करेगी।
इस प्रक्रिया के पूरे होने के बाद ही वनडे वर्ल्ड कप 2023 का शेड्यूल भी जारी कर दिया जाएगा. आईसीसी को वनडे वर्ल्ड कप के ब्रॉडकास्टिंग से लगभग 4500 करोड़ रुपए की कमाई होने की संभावना है. वहीं आईसीसी के अनुबंध के अनुसार बड़े इवेंट के दौरान उसे मेजबान देश द्वारा टैक्स में छूट दिए जाने का प्रावधान है, लेकिन साल 2016 के टी20 वर्ल्ड कप के दौरान ऐसा नहीं हो सका था और उस समय बीसीसीआई और आईसीसी के बीच में विवाद देखने को मिला था.
इस विवाद के बाद बीसीसीआई को आईसीसी की तरफ से सेंट्रल पूल से मिलने वाली राशि में तकरीबन 200 करोड़ रुपए की कटौती भी झेलनी पड़ी थी. वहीं इस बार क्रिकइंफो की रिपोर्ट के अनुसार साल 2016 से 2023 तक आईसीसी के सेंट्रल पूल से बीसीसीआई को लगभग 3400 करोड़ रुपए मिलने हैं, जिसमें से इस टैक्स की कटौती इस रेवन्यू से की जाएगी.
बीसीसीआई को उम्मीद जल्द सुलझा लिया जाएगा विवाद
इस टैक्स विवाद को लेकर बीसीसीआई की तरफ से इस बात की उम्मीद जताई गई है कि इसे जल्द ही सुलझा लिया जाएगा. वहीं क्रिकइंफो की रिपोर्ट के अनुसार वनडे वर्ल्ड कप 2023 का आगाज 5 अक्टूबर से हो सकता है, जिसमें कुल 10 टीमें इस बार हिस्सा लेंगी. बीसीसीआई की तरफ से इस मेगा इवेंट के आयोजन के लिए तकरीबन 12 मैदान शॉर्टलिस्ट किए गए हैं, जिसमें फाइनल मुकाबले का आयोजन अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में किया जा सकता है।









