BREAKING

दुर्ग-भिलाई

वैश्विक महामारी कोरोना में बीएसपी का रवैया अमानवीय, पीएम से की शिकायत: आरपी शर्मा

भिलाई। आचार्य नरेंद्र देव स्मृति जन अधिकार अभियान समिति और भारत रत्न लोकनायक जयप्रकाश नारायण स्मारक प्रतिष्ठान ने भिलाई स्टील प्लांट के जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र सेक्टर-9 में वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण के उपचार में बीएसपी व गैर बीएसपी में भेदभाव किए जाने की शिकायत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से की है। समिति के संयोजक और प्रतिष्ठान के अध्यक्ष व वरिष्ठ समाजवादी नेता आरपी शर्मा ने इस संबंध में ई-मेल भेज कर सार्वजनिक उपक्रम सेल-बीएसपी पर सख्त कार्रवाई करने और दिशा-निर्देशों का पालन करने चेतावनी जारी करने की मांग की है।
आरपी शर्मा ने कहा कि आज जब पूरी दुनिया इस महामारी से जूझ रही है ऐसे में बीएसपी मैनेजमेंट का यह कहना कि सेक्टर-9 में कोरोना उपचार के लिए सिर्फ बीएसपी कर्मियों और उनके परिजनों का इलाज होगा तथा गैर बीएसपी वर्ग को जिला चिकित्सालय जाना होगा, यह पूरी तरह अमानवीय, तानाशाहीपूर्ण और हिंसात्मक प्रवृत्ति का द्योतक है। मैनेजमेंट में बैठे लोग अपनी अहंकारी प्रवृत्ति का परिचय दे रहे हैं। आरपी शर्मा ने कहा कि इस वैश्विक महामारी से निपटने के लिए बीएसपी-गैर बीएसपी में फर्क करने का समय नहीं है। एक सार्वजनिक उपक्रम के अस्पताल में इलाज के नाम पर भेदभाव हो नहीं सकता। आखिर बीएसपी से निकलने वाले प्रदूषण को तो बीएसपी-गैर बीएसपी दोनों वर्ग झेलता है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पूरे मामले की शिकायत करते हुए कहा है कि सेल-बीएसपी में बैठे असंवेदनशील लोगों को नोटिस जारी किया जाए और इस वैश्विक महामारी के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के उपचार उपलब्ध कराने निर्देश जारी किए जाएं।

Related Posts