नई दिल्ली। कांग्रेस के बागी और ज्योतिरादित्य सिंधिया समर्थक 22 पूर्व विधायक शनिवार को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से उनके निवास पर मिले। नड्डा ने इस सभी पूर्व विधायकों को बीजेपी की सदस्यता दिलाई। इस दौरान बीजेपी नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, नरेंद्र सिंह तोमर, बीजेपी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय और अनिल जैन भी मौजूद थे।
नड्डा ने पूर्व विधायकों से की चर्चा..
नड्डा ने इन सभी पूर्व विधायकों से मध्य प्रदेश के मसले पर चर्चा भी की। इसके बाद ये सभी पूर्व विधायक एक बस में बैठकर वहां से रवाना हो गए. केंद्रीय मंत्री केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, नरेंद्र सिंह तोमर, बीजेपी नेता अनिल जैन और नरोत्तम मिश्रा पूर्व विधायकों तो बस तक छोड़ने आए थे।
मध्य प्रदेश के विकास, प्रगति और उन्नति के अपने संकल्प के साथ कांग्रेस के सभी 22 पूर्व विधायक जो मेरे परिवार के सदस्य हैं, उन्होंने आज भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जी के निवास पर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
सिंधिया ने कहा- सभी को बीजेपी परिवार में उचित सम्मान मिलेगा
बैठक के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया भी जेपी नड्डा के आवास से निकले। मीडिया से बात करते हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि जो भी पूर्व विधायक और कांग्रेस नेता BJP में आज औपचारिक तौर पर शामिल हुए हैं, उनको BJP परिवार में उचित सम्मान मिलेगा। उन्होंने कहा कि आज अध्यक्षजी की तरफ से इन तमाम नेताओं का स्वागत किया गया। इस बीच दो निर्दलीय विधायक भी जेपी नड्डा के आवास पर पहुंचे थे।










