BREAKING

छत्तीसगढ़दुर्ग-भिलाईफीचर्डसाक्षात्कार

आर्थिक आत्मनिर्भरता ही निर्णय प्रक्रिया में महिलाओं को भागीदार बनाएगी : भावना पाण्डेय

भिलाई (सारनाथ एक्सप्रेस): आज के समय महिलाये आर्थिक रूप  से सक्षम रहेंगी, तब वो कोई भी निर्णय ले सकती है। फिर निर्णय स्वयं से जुड़ा हो,या परिवार से। इससे उनका आत्मविश्वास  बढ़ेगा। और इसके लिए सबसे जरूरी है शिक्षा। अगर आप शिक्षित होंगी, तभी कोई नौकरी या अपना कोई व्यवसाय कर पाएंगी ।शिक्षा केवल आपको आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर होने में सहायता नहीं करती, वरन आपको मानसिक मजबूती भी देती है,आपकी सोच को व्यापक करती है। इसके लिए आपको और आपके बच्चों को शिक्षित होना बहुत जरूरी है।  आप निर्णय लेने की प्रक्रिया में शामिल रहेंगी, तब आप अपना व अपने परिवार व समाज के लिए बेहतर कर पाएंगी। यह सब बातें जोनल पुलिस अधीक्षक (विशेष शाखा) भिलाई, श्रीमती भावना पाण्डेय ने सारनाथ एक्सप्रेस से विशेष बातचीत में कही।  श्रीमती भावना पाण्डेय की प्रारंभिक शिक्षा रायपुर के सालेम गल्र्स स्कूल में पूरी हुई थी। वर्ष 1995 में इन्होंने डिग्री कॉलेज रायपुर से साइंस में स्नातक तथा वर्ष 1997 में बॉटनी से एमएससी की डिग्री हासिल किया। वर्ष 1997 के  मप्र लोक सेवा आयोग की परीक्षा में शामिल हुई और पहले ही प्रयास में डीएसपी के लिए चयनित हो गई। सागर (मप्र) में ट्रेनिंग के पश्चात वर्ष 2001में इनकी पहली पोस्टिंग रायपुर में परिवीक्षा हेतु हुई फिर रायपुर में ही सीएसपी के रूप में इन्होंने एक वर्ष तक अपनी सेवाएं दी। वर्ष 2003 में इनका स्थानान्तरण दंतेवाड़ा डीएसपी (मुख्यालय) के पद पर हुआ जहां इन्होंने 4 वर्षो तक अपनी सेवाएं दी। वर्ष 2007 में इनका स्थानान्तरण राजनंदगांव हुआ जहा इन्होंने 3 वर्षों तक डीएसपी अजाक/ क्राईम के पद पर अपनी सेवाएं दी। वर्ष 2009 में इन्हें प्रमोट कर डीएसपी से एएसपी बनाया गया। वर्ष 2010 में इनका स्थानान्तरण बिलासपुर हुआ, जहां इन्होंने चार वर्ष तक अपनी सेवाएं दी। वर्ष 2014 में इनका तबादला जगदलपुर हुआ जहाँ इन्होंने तीन वर्ष तक अपनी सेवाएं दी। जून 2017 में इन्हें जोनल पुलिस अधीक्षक (विशेष शाखा) भिलाई की अहम जिम्मेदारी दी गई है । पढऩे में विशेष रुचि रखने वाली भावना पाण्डेय अपने पिता जी को अपना आदर्श मानती है। इनके पिता जी प्रशासनिक अधिकारी रहे हैं और माता जी माइनिंग विभाग में केमिस्ट थीं। परिवार में प्रारम्भ से ही पढ़ाई का वातावरण रहा,जिसने आगे बढऩे को प्रेरित किया। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने वाले प्रतिभागियों के लिए इनका कहना है कि किसी भी क्षेत्र में सफल होना है तो आप मे प्रबल इच्छा होनी चाहिए और उसे पूर्ण करने के लिए समर्पित प्रयास ,कड़ी मेहनत करने को भी आपको तैयार होना चाहिए। कोई भी कार्य करने से पहले सोचिये कि आप क्या करना चाहते है? उसके बाद आपको खुद ही उस कार्य को पूर्ण करने के रास्ते मिलते जाएंगे। एक बार असफल होने पर निराश न हो, लगातार प्रयास करे। इच्छा शक्ति और लगन होना अति आवश्यक है। पढऩे की हैबिट रखे, न्यूजपेपर रोज पढ़े, अच्छे आर्टिकल पढ़े, इंटरनेट का पॉजिटिव उपयोग कर इनका लाभ लेवे। हाईस्कूल में आने के साथ ही एक लक्ष्य बना लेवें कि ताकि आपके प्रयास को  एक दिशा मिल सके। आज की बेटियां बहुत मेहनती हैं,उन्हें सही राह मिले,पूर्ण अवसर मिले,तो उनकी सफलता को कोई रोक नहीं सकता है।

Related Posts