रतन टाटा ने PM मोदी और गृहमंत्री शाह की तारीफ की, दूरदर्शी फैसलों का किया स्वागत..

गांधीनगर। टाटा ग्रुप के चेयरमैन रतन टाटा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह की तारीफ की. रतन टाटा ने कहा कि हमें गर्व होना चाहिए कि हमारे देश में एक दूरदर्शी सरकार है. हमारे प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और सरकार के अन्य सदस्यों के पास देश के लिए एक विजन है. कोई भी केवल इस बात पर गर्व कर सकता है कि सरकार ने अपने वर्तमान कार्यकाल में कई बड़े फैसले लिए हैं।
बता दें कि रतन टाटा गुजरात की राजधानी गांधीनगर में इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ स्किल्स का शिलान्यास करने पहुंचे थे. इस कार्यक्रम में गृह मंत्री अमित शाह भी रतन टाटा के साथ मौजूद थे. यहां टाटा शिक्षा विकास ट्रस्ट, सरकार के साथ मिलकर IIS को स्थापित करने में मदद कर रहा है।
रतन टाटा ने ये भी कहा कि अगर मेरी उम्र 20 साल कम होती तो मैं इस प्रोग्राम को बढ़ाने के लिए खुद बहुत मेहनत करता. हमारा भारत एक नया भारत बनने की ओर बढ़ रहा है. आज के युवाओं को अपनी ग्रोथ के लिए पर्याप्त अवसर मिलने चाहिए. ये अवसर तभी मिल पाएंगे जब युवा स्किल्ड होंगे। जब देश का युवा स्किल्ड होगा तभी हमारा देश आगे बढ़ सकता है।









