विशाखापट्टनम में खेले गए सीरीज के दूसरे वनडे मैच में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 10 विकेट से मुकाबले को अपने नाम करते हुए सीरीज को 1-1 से बराबरी पर ला दिया है…




विशाखापट्टनम (ए)। ऑस्ट्रेलियाई टीम ने भारत के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में मिली 5 विकेट से हार के बाद दूसरे वनडे में शानदार वापसी करते हुए एकतरफा 10 विकेट से जीत हासिल की है. विशाखापट्टनम के मैदान पर खेले गए सीरीज के दूसरे मैच में भारतीय टीम की पारी सिर्फ 117 रनों पर सिमट गई थी, जिसमें मिचेल स्टार्क ने 5 विकेट हासिल किए. इसके बाद ट्रेविस हेड और मिचेल मार्श की जोड़ी ने इस लक्ष्य को सिर्फ 11 ओवरों में ही हासिल करते हुए टीम को जीत दिला दी।
118 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम के ओपनिंग बल्लेबाजों ने पहले ही ओवर से आक्रामक तरीके से रन बनाना शुरू कर दिया था. इसके बाद उन्हें रोकना भारतीय गेंदबाजों के लिए पूरी तरह से नामुमकिन सा दिखने लगा. ट्रेविस हेड ने जहां 30 गेंदों में 51 रनों की शानदार पारी खेली वहीं मिचेल मार्श के बल्ले से 36 गेंदों में 66 रनों की पारी देखने मिली. दोनों ने सिर्फ 9 ओवरों के अंदर ही टीम का स्कोर 100 रन तक पहुंचा दिया था।
इससे पहले मैच में ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव स्मिथ ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, जिसे मिचेल स्टार्क ने पूरी तरह से सही साबित किया. टीम इंडिया को पारी के पहले ओवर में ही शुभमन गिल के रूप में झटका लगा जो बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए थे।
भारतीय टीम के 4 बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल सके भारतीय टीम का इस मुकाबले में यदि प्रदर्शन देखा जाए तो वह बेहद ही खराब देखने को मिला, जिसमें टीम के 4 खिलाड़ी अपना खाता तक खोलने में कामयाब नहीं हो सके, इसके अलावा सिर्फ 4 बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा छूने में कामयाब हो सके थे. भारतीय टीम की तरफ से विराट कोहली ने सर्वाधिक 31 रनों की पारी खेलने में कामयाब हो सके थे।
कंगारू टीम की तरफ से गेंदबाजी में मिचेल स्टार्क ने 8 ओवरों में 53 रन देने के साथ आधी भारतीय टीम को पवेलियन भेजने का काम किया था. इसके अलावा सीन एबॉट ने 3 जबकि नाथन एलिस ने 2 विकेट अपने नाम किए थे. अब दोनों ही टीमों के बीच में सीरीज आखिरी और निर्णायक मुकाबला 22 मार्च को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा।















