BREAKING

छत्तीसगढ़फीचर्ड

शिक्षित युवाओं के लिए नौकरी का सुनहरा अवसर: रायपुर- बिलासपुर सहित इन जगहों पर हो रहा प्लेसमेंट कैम्प का आयोजन

रायपुर। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, रायपुर द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य के स्थानीय शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए 17 मार्च  को एक्सटेंशन काउंटर, कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स राखी, सेक्टर-27 नवा रायपुर अटल नगर में सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे  तक प्लेसमेंट कैम्प आयोजित है। इस प्लेसमेंट कैम्प के माध्यम से डोमिनोस पिज्जा रायपुर द्वारा बिजनेस / गेस्ट डिलाईट एसोसियेट्स के 130 पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए 8वीं, 10वीं उत्तीर्ण आवेदक भर्ती के लिए पात्र होंगे। चयनित उम्मीदवारों को 10 से 12 हजार रूपये प्रतिमाह भुगतान किया जाएगा। प्लेसमेंट कैम्प में सम्मिलित होने योग्य एवं इच्छुक आवेदक निर्धारित तिथि एवं स्थल पर उपस्थित हो सकते है। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए आवेदक जिला रोजगार कार्यालय रायपुर में भी संपर्क कर सकते है।

औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था बलौदा (महुदा) में 16 मार्च 2023 को प्लेसमेंट कैंप का होगा आयोजन

जांजगीर-चांपा। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था बलौदा (महुदा) में 16 मार्च 2023 को सुजुकी मोटर्स – द प्लेसर (कैम्पस रिकूटमेंट पार्टनर) की ओर से आईटीआई के पास विभिन्न व्यवसायों हेतु कैंपस का आयोजन किया गया है। प्राप्त जानकारी अनुसार औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था बलौदा (महुदा) में 16 मार्च 2023 को सुजुकी मोटर्स – द प्लेसर (कैंपस रिक्रूटमेंट पार्टनर) की ओर से 18700 रुपये मासिक की दर से एनसीव्हीटी एवं एससीव्हीटी के विभिन्न व्यवसाय ( फिटर, मैकेनिक डीजल, मोटर मैकेनिक, टर्नर, मशीनिस्ट, वेल्डर, इलेक्ट्रीशियन, टूल एण्ड डाई मेकर, प्लास्टिक प्रोसेसिंग ऑपरेटर, ट्रैक्टर मैकेनिक, पेंटर जनरल ) के ऐसे प्रशिक्षणार्थी जो कि 2017 से 2022 के बीच पास हुये हैं एवं जिनकी आयु 18-24 वर्ष हो आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक आवेदक 16 मार्च 2023 को प्रातः 09 बजे समस्त आवश्यक दस्तावेज ( 10वीं, 12वीं, आईटीआई, पेन कार्ड, आधार कार्ड की मूल एवं दो छायाप्रति वर्तमान पासपोर्ट फोटो की 03 प्रति) के साथ संस्था में उपस्थित हो सकते हैं।

विशेष रोजगार मेला 17 मार्च को, 285 पदों पर की जाएगी भर्ती

बिलासपुर। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र कोनी में 17 मार्च को सवेरे 10.30 बजे से दोपहर 3 बजे तक निःशुल्क विशेष रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें 18 निजी प्रतिष्ठानों द्वारा सेल्स असिस्टेंट, सेल्स मैनेजर, एकांउटेंट, इंश्योरेस एडवाईजर, नर्सिंग, फार्मेसी आदि जैसे 285 विभिन्न पदों पर भर्ती की कार्यवाही की जाएगी, जिसमें से 206 पद महिलाओं के लिए है। रोजगार मेला में महिलाओं के लिए पृथक से काउंटर की व्यवस्था रहेगी। रोजगार मेेला में बिल्डर, ऑटोमोबाईल, हास्पिटल, इंश्योरेंश, कृषि एवं शैक्षणिक सेक्टरों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए निर्धारित योग्यता पदों के अनुसार 10वीं, 12वीं, ग्रेजुएशन, आई.टी.आई., नर्सिंग, एम.बी.ए. आदि निर्धारित की गई है।

 

कौशल विकास के लिए अप्रेंटिसशिप मेला 20 मार्च को

गौरेला पेंड्रा मरवाही। शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) सेमरा गौरेला द्वारा विभिन्न औद्योगिक व्यवसायों में कौशल विकास के लिए जिला स्तरीय अप्रेंटिसशिप मेला का आयोजन 20 मार्च को सबेरे 9 बजे आईटीआई भवन सेमरा किया जा रहा है। संस्था के प्राचार्य श्री दिलीप सिंह आर्मों ने बताया कि कौशल विकास मंत्रालय भारत सरकार के दिशानिर्देशों के तहत आईटीआई गौरेला में विद्युतकार, फिटर, डीजल मैकेनिक, कोपा (टेली के साथ), स्टेनो हिन्दी एवं वेल्डर कोर्स में उत्तीर्ण प्रशिक्षणार्थी अपने समस्त दस्तावेजों के साथ अप्रेंटिसशिप मेले में शामिल हो सकते है। मेले के संबंध में अधिक जानकारी के लिए आईटीआई गौरेला में कार्यालयीन समय में संपर्क कर सकते है।

जिला स्तरीय रोजगार मेला का आयोजन 17 मार्च को

दंतेवाड़ा। जिला कौशल विकास प्राधिकरण दन्तेवाड़ा के द्वारा संकल्प योजना के तहत जिले में 17 मार्च 2023 (शुक्रवार) को लाइवलीहुड कॉलेज दंतेवाड़ा,मेन रोड गीदम में रोजगार मेला का आयोजन समय प्रातः 10 बजे से किया जा रहा है। रोजगार मेला में सिक्योरिटी गॉर्ड्स, कम्प्यूटर ऑपरेटर, मोटर मैकेनिक, सुपरवाईजर, वेल्डर,सेल्समेन, वेटर आदि कुल 755 विभिन्न पदों में भर्ती हेतु नियोजक उपस्थित रहेगें। नियुक्ति स्थल, अनुमानित वेतन एवं पदों की अधिक जानकारी हेतु संयुक्त जिला कार्यालय भवन कलेक्ट्रेट दन्तेवाड़ा एवं लाइवलीहुड कॉलेज दन्तेवाड़ा के सूचना पटल का अवलोकन किया जा सकता है। जिले के समस्त शिक्षित बेरोजगार युवाओं से आग्रह है कि शैक्षणिक अर्हता संबंधी दस्तावेज 02 प्रति में लेकर रोजगार मेला में सम्मिलित होकर अवसरों का लाभ उठाएं और रोजगार मेला को सफल बनाएं। अधिक जानकारी हेतु सहायक संचालक जिला कौशल विकास प्राधिकरण दंतेवाड़ा संपर्क नं. 9406334109 से संपर्क कर सकते हैं।

स्वास्थ्य विभाग में कलेक्टर दर पर विभिन्न पदों के लिए आवेदन आमंत्रित

बेमेतरा। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन जिला बेमेतरा अंतर्गत विभिन्न राष्ट्रीय कार्यक्रमों में रिक्त संविदा पदों पर वाक इन इन्टरव्यू के माध्यम से कलेक्टर दर पर अस्थाई रूप से पद स्वीकृत किये गए हैं। इच्छुक अर्हताधारी अभ्यर्थी अपना आवेदन निर्धारित प्रारूप में स्वप्रमाणित समस्त आवश्यक दस्तावेज के साथ 16 मार्च 2023 प्रातः 11:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला बेमेतरा में स्वयं उपस्थित होकर आवेदन पत्र प्रस्तुत कर सकतें है। किसी भी अन्य माध्यम से प्राप्त आवेदन पत्र स्वीकार नहीं किये जायेंगे। निर्धारित तिथि के पूर्व एवं पश्चात प्राप्त आवेदनों पर कोई विचार नही किया जावेगा। उक्त भर्ती हेतु जिले के स्थानीय निवासी को प्राथमिकता दी जाएगी। जिले के स्थानीय निवासी के नहीं मिलने की स्थिति में ही छत्तीसगढ़ के अन्य जिलों के पात्र अभ्यार्थियों को मेरिट क्रमानुसार प्राथमिकता दी जायेगी। विज्ञापन संबंधी विस्तृत जानकारी, नियम एवं शर्तें जिले की वेबसाइट https://Bemetara.gov.in/ पर अवलोकन कर सकते हैं।

Related Posts