भिलाई इस्पात संयंत्र के राजहरा स्थित आयरन ओर काॅम्पलेक्स (आईओसी) ने 03 मार्च 2023 को लौह अयस्क उत्पादन में नया दैनिक कीर्तिमान स्थापित किया है। आईओसी, राजहरा माइन्स ने 03 मार्च 2023 को 35663 टन लौह अयस्क का उत्पादन कर 21 फरवरी 2023 को स्थापित 34069 टन लौह अयस्क उत्पादन के रिकाॅर्ड को पीछे छोड़ा।
माइन्स बिरादरी के इस श्रेष्ठ प्रदर्शन हेतु सेल-बीएसपी के निदेशक प्रभारी अनिर्बान दासगुप्ता तथा कार्यकारी कार्यपालक निदेशक (खदान एवं रावघाट) समीर स्वरूप ने माइन्स बिरादरी तथा उनके सहयोगी विभागों को बधाई प्रेषित की है।
यूनिवर्सल रेल मिल ने बनाया उत्पादन का नया कीर्तिमान: भिलाई इस्पात संयंत्र के यूनिवर्सल रेल मिल ने 03 मार्च 2023 को दैनिक उत्पादन कीर्तिमान के साथ विभिन्न प्रोडक्शन पैरामीटर्स जैसे रेल वेल्डिंग, पैनल्स इन्सपेक्शन, तथा रेल ज्वाइंट में नए कीर्तिमान स्थापित किए है।
03 मार्च 2023 को यूनिवर्सल रेल मिल ने दैनिक उत्पादन का नया कीर्तिमान रचते हुए 3328 टन रेल्स की रोलिंग कर 31 जनवरी 2023 को बनाए गए 3201 टन रेल्स रोलिंग के कीर्तिमान को ध्वस्त किया। इसी प्रकार 03 मार्च 2023 को 3194 टन प्राइम रेल्स उत्पादन का नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए पूर्व में 31 जनवरी 2023 को स्थापित 3042 टन प्राइम रेल्स के रिकाॅर्ड को पीछे छोड़ा।
यूनिवर्सल रेल मिल ने 03 मार्च 2023 को 426 नग रेल्स का विजुअल इंस्पेक्शन कर नया रिकाॅर्ड बनाया जो कि 31 जनवरी 2023 को 410 नग रेल्स का विजुअल इंस्पेक्शन के पुराने रिकाॅर्ड से कहीं अधिक है।
सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी अनिर्बान दासगुप्ता ने इस उपलब्धि पर टीम यूआरएम के साथ-साथ एसएमएस-3, आरसीएल, राइट्स सहित अन्य संबंधित विभागों को भी बधाई दी। मुख्य महाप्रबंधक (यूआरएम) अनीश सेनगुप्ता ने महत्वपूर्ण उपलब्धि का श्रेय अपनी टीम और अन्य सहयोगी विभागों को दिया। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए इंस्पेक्शन एजेंसी राइट्स को भी विशेष रूप से धन्यवाद ज्ञापित किया।















