रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेशवासियों को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर बधाई और शुभकामनाएं दी है। श्री बघेल ने राष्ट्रीय विज्ञान दिवस की पूर्व संध्या पर जारी अपने शुभकामना संदेश में कहा है कि भारतीय वैज्ञानिक सर चंद्रशेखर वेंकट रमन ने रमन प्रभाव की घोषणा की थी, जिसके लिए उन्हें नोबल पुरस्कार से नवाजा गया था। उनके सम्मान में पूरे देश में विज्ञान के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने के लिए विज्ञान दिवस मनाया जाता है। हमारे देश ने विज्ञान के क्षेत्र में बहुत प्रगति की है और पूरे विश्व में अपनी पहचान बनाई है, जिस पर पूरे देश को गर्व है। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कहा कि समाज में बिखरी अंधविश्वास की जड़ों को हटाने के लिए परिष्कृत सोच और वैज्ञानिक दृष्टिकोण उत्पन्न करना बहुत जरूरी है। विज्ञान हमें विश्लेषात्मक सोच के साथ जीवन स्तर में सुधार और तरक्की की ओर ले जाता है।
मुख्यमंत्री ने डॉ. राजेन्द्र प्रसाद की पुण्यतिथि पर उन्हें किया नमन
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने स्वतंत्र भारत के पहले राष्ट्रपति और स्वाधीनता आंदोलन के अग्रणी नेता डॉ. राजेन्द्र प्रसाद की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए नमन किया है। श्री बघेल ने कहा कि राष्ट्रपति के पद पर रहते हुए राजेन्द्र प्रसाद जी ने स्वतंत्र और निष्पक्ष कार्यप्रणाली के कई मार्गदर्शी दृष्टांत दिए। उन्होंने गरीब और दीनदुखियों की सेवा में अपना पूरा जीवन लगा दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय आदर्श और परम्पराओं से ओत-प्रोत राजेन्द्र बाबू का जीवन मूल्य सदा राष्ट्र को प्रेरणा देता रहेगा।
मुख्यमंत्री ने बाबू छोटेलाल श्रीवास्तव की जयंती पर उन्हें किया नमन
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बाबू छोटेलाल श्रीवास्तव की जयंती पर उन्हें नमन किया है। मुख्यमंत्री ने बाबू छोटेलाल श्रीवास्तव की संघर्ष गाथा को याद करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में स्वाधीनता के लिए जनजागरण में ‘बाबू साहेब‘ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने जनमानस में राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत कर लोगों को स्वतंत्रता संग्राम से जोड़ा। बाबू छोटेलाल के नेतृत्व में शोषण और अन्याय के विरूद्ध आवाज बुलंद करने के कारण उनकी जन्मभूमि कण्डेल गांव इतिहास में दर्ज हो गया है। श्री बघेल ने कहा कि कर्तव्यनिष्ठ और जुझारू व्यक्तित्व के धनी बाबू छोटेलाल श्रीवास्तव के विचार हमें सदा प्रेरित करते रहेेंगे।















