यहां मैच लाल मिट्टी वाली पिच पर कराए जाने की बात सामने आई है, ऐसे में होलकर स्टेडियम में स्पिन और बाउंस दोनों देखने को मिल सकता है…
इंदौर (ए)। इंडिया और ऑस्ट्रेलिया के बीच 1 मार्च से होने वाले टेस्ट मैच को लेकर इंदौरियों में जबरदस्त उत्साह है। इंदौर के होलकर स्टेडियम की क्षमता 27 हजार दर्शकों की है। मैच के 99 प्रतिशत टिकट बिक चुके हैं, बचे टिकट भी आने वाले दो दिनों में बिकने का अनुमान है। टीम इंडिया मौजूदा टेस्ट सीरीज में 2-0 की निर्णायक बढ़त हासिल कर चुकी है। दोनों टीमें मैच के लिए इंदौर पहुंच चुकी हैं। रविवार को टीम इंडिया ने ग्राउंड पर प्रैक्टिस की। विराट कोहली सहित अन्य खिलाड़ी चिलचिलाती धूप में अपने विजय रथ को बरकरार रखने के लिए पसीना बहाते नजर आए। टीम के कोच राहुल द्रविड़ प्रैक्टिस सत्र में हिस्सा लेने के साथ ही मैदान पर पिच का जायजा लेते भी दिखे। ऑस्ट्रेलिया की टीम रविवार दोपहर को इंदौर पहुंची। सोमवार से ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ी भी प्रैक्टिस कर रहे है।
इंडिया-बांग्लादेश मैच में बिके थे 16 हजार टिकट एमपीसीए के रोहित पंडित ने बताया कि 2019 में इंडिया-बांग्लादेश के बीच हुए टेस्ट मैच में 16 हजार टिकट बिके थे, लेकिन इस बार मुकाबला ऑस्ट्रेलिया के साथ है, इसलिए लोग काफी एक्साइटेड हैं। इंदौरियों में क्रिकेट मैच को लेकर हमेशा ही दीवानगी रहती है, चाहे टी-20, वनडे या टेस्ट मैच हो। यही वजह है कि इस बार मैच के 99 प्रतिशत टिकट बिक चुके हैं।
लाल मिट्टी पर खेला जाएगा मैच टीम इंडिया का इंदौर में रिकॉर्ड अच्छा है। यहां मैच लाल मिट्टी वाली पिच पर कराए जाने की बात सामने आई है। ऐसे में होलकर स्टेडियम में स्पिन और बाउंस दोनों देखने को मिल सकता है। पिच को लेकर संजय जगदाले कह चुके हैं कि इंदौर में दो तरह के विकेट हैं। लाल मिट्टी और काली मिट्टी। काली मिट्टी के विकेट की तुलना में लाल मिट्टी के विकेट पर बाउंस ज्यादा होता है, विकेट तेज रहता है और बाद में जाकर स्पिन भी होता है। स्पिन तो काली मिट्टी पर भी होता है, लेकिन धीरे होता है, बॉल कम बाउंस होती है और बॉल बैट-पैड होकर कैरी कम होता है। लाल मिट्टी के विकेट पेस बॉलर को भी मदद करते हैं। बेट्समैन के लिए ही अच्छे होते हैं और चौथे-पांचवें दिन स्पिन भी होती है, जो कि एक टिपिकल अच्छे विकेट की साइन होती है।’
इंडिया ने मैच जीता तो बनेगा एक वर्ल्ड रिकॉर्ड तीसरे मैच को टीम इंडिया जीत लेती है तो वह एक वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर लेगी। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया WTC (आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप) के फाइनल में लगातार दूसरी बार जगह बनाने वाली दुनिया की पहली टीम बन जाएगी। साल 2021 में भी टीम इंडिया ने डब्ल्यूटीसी के फाइनल में अपनी जगह बनाई थी। तब टीम इंडिया और न्यूजीलैंड के बीच फाइनल मुकाबला खेला गया था, जिसमें टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा था। न्यूजीलैंड की टीम सीरीज से बाहर हो चुकी है। WTC फाइनल के लिए ऑस्ट्रेलिया, टीम इंडिया और श्रीलंका के बीच मुकाबला है। 7 जून को इंग्लैंड के द ओवल में टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।















