दिल्ली शराब घोटाला केस में सीबीआई ने उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार कर लिया है, इससे पहले मनीष सिसोदिया से सुबह से ही सीबीआई पूछताछ कर रही थी…
नईदिल्ली (ए)। दिल्ली शराब घोटाला केस में सीबीआई ने मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार कर लिया है. मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के बाद आप सांसद संजय सिंह ने ट्वीट कर कहा, “मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी तानाशाही की इंतेहा है. आपने एक नेक इंसान और सर्वश्रेष्ठ शिक्षा मंत्री को गिरफ्तार करके अच्छा नही किया मोदी, भगवान भी आपको माफ नहीं करेगा. एक दिन आपकी तानाशाही का अंत जरूर होगा मोदी।”
वहीं बीजेपी नेता कपिल मिश्रा ने कहा है, “आखिरकार शराब घोटाले में मनीष सिसोदिया भी गिरफ्तार, शराब से बर्बाद हुए परिवारों के माता बहनों की हाय लगी हाई मनीष सिसोदिया को , सत्येंद्र जैन के बाद केजरीवाल का एक और भ्रष्ट मंत्री जेल में , मैं शुरू से कह रहा हूं केजरीवाल , मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन जेल जाएंगे , इनमें से दो लोग जेल जा चुके, अगला नंबर केजरीवाल का है।”
इससे पहले दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया रविवार को आबकारी नीति घोटाले की सीबीआई जांच में शामिल हुए थे. वह सुबह 11.10 बजे सीबीआई मुख्यालय पहुंचे. जांच में शामिल होने से पहले, वह पूजा करने के लिए पार्टी के अन्य नेताओं, संजय सिंह और सौरभ भारद्वाज के साथ राजघाट गए. सिसोदिया ने ट्वीट भी किया था, “आज फिर सीबीआई मुख्यालय में जा रहा हूं, मैं जांच में पूरा सहयोग करूंगा. लाखों बच्चों का प्यार और करोड़ों देशवासियों का आशीर्वाद हमारे साथ है।”
इसी ट्वीट में उन्होंने कहा था, “मुझे कुछ महीने जेल में भी रहना पड़े, मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता. मैं देश के लिए फांसी पर चढ़ने वाले भगत सिंह का अनुयायी हूं. ऐसे झूठे आरोपों के कारण जेल जाना छोटी बात है।”















