रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज 13 फरवरी को कोरिया जिले के मुख्यालय बैकुंठपुर और जशपुर जिले के विकासखण्ड कुनकुरी के मयाली गांव में आयोजित कार्यक्रमों शामिल होंगे।bमुख्यमंत्री श्री बघेल निर्धारित दौरा कार्यक्रम के अनुसार पूर्वान्ह 11.30 बजे रायपुर पुलिस ग्राउंड हेलीपेड से हेलीकाॅप्टर द्वारा रवाना होकर दोपहर 12.30 बजे बैकुंठपुर पहुंचेंगे और वहां कोरिया कुमार चैक में स्वर्गीय डाॅ. रामचन्द्र सिंहदेव (कुमार साहब) की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। श्री बघेल इस मौके पर विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन करने के बाद 12.50 बजे कोरिया पैलेस ग्राउण्ड में स्वर्गीय डाॅ. रामचन्द्र सिंहदेव (कोरिया कुमार) की समाधि पर पुष्पाजंलि अर्पित करेंगे।
मुख्यमंत्री दोपहर 1.25 बजे बैकुंठपुर से हेलीकाॅप्टर द्वारा रवाना होकर दोपहर 2.10 बजे जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखण्ड के मयाली नेचर कैम्प के हेलीपेड पहुंचेंगे और दोपहर 2.35 बजे ग्राम मयाली में युवा महोत्सव 2023 में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री यहां मड-हाउस कैक्टस गार्डन का अवलोकन करेंगे और मधेश्वर महादेव ऐतिहासिक सलामी गुफा में दर्शन करेंगे। श्री बघेल इस मौके पर आयोजित किसान मेला में विभागीय स्टालों को अवलोकन करने के बाद हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत सामग्री वितरण करेंगे तथा विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री श्री बघेल मयाली नेचर कैम्प से अपरान्ह 3.50 बजे हेलीकाॅप्टर द्वारा रवाना होकर 5.05 बजे रायपुर लौट आयेंगे।
मुख्यमंत्री 10.99 करोड़ रूपए की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का करेंगे भूमिपूजन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज 13 फरवरी को कोरिया जिले के प्रवास पर रहेंगे। मुख्यमंत्री श्री बघेल जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में कोरिया कुमार के नाम से विख्यात प्रदेश के प्रथम वित्तमंत्री स्वर्गीय डॉ. रामचंद्र सिंहदेव की जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमा का अनावरण करेंगे। मुख्यमंत्री श्री बघेल दोपहर 12.30 बजे बैकुण्ठपुर के रामानुज हायर सेकंडरी स्कूल स्थित मिनी स्टेडियम के हेलीपैड पर पहुंचेंगे और यहां से घड़ी चौक पहुंचकर चौक में स्थापित डॉ. सिंहदेव की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। मुख्यमंत्री इसके साथ ही नगरपालिका परिषद बैकुंठपुर हेतु 7.63 करोड रूपए़, नगरपालिका परिषद शिवपुर-चरचा हेतु 2.86 करोड़ रूपए के विभिन्न विकास कार्यों सहित 50 लाख रूपए की लागत के बैकुंठपुर सर्व आदिवासी समाज सामुदायिक भवन का भूमिपूजन भी करेंगे।
मुख्यमंत्री श्री बघेल इसके बाद स्वर्गीय डॉ. सिंहदेव के समाधि स्थल पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे और स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत, गृह, लोक निर्माण एवं जिले के प्रभारी मंत्री ताम्रध्वज साहू, स्वास्थ्य मंत्री टी. एस. सिंहदेव, कृषि एवं जैव प्रौद्योगिकी, जल संसाधन मंत्री रविन्द्र चौबे, स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ प्रेमसाय सिंह टेकाम, खाद्य मंत्री अमरजीत भगत, सांसद ज्योत्सना महंत, संसदीय सचिव एवं बैकुंठपुर विधायक अंबिका सिंहदेव सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में शामिल होंगे।















