BREAKING

देश-दुनियाफीचर्ड

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के पहले फेज का किया उद्घाटन, बोले- ये देश के सबसे बड़े और सबसे आधुनिक एक्सप्रेस-वे में से एक है

प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के पहले फेज का उद्घाटन किया, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे भारत का सबसे लंबा एक्सप्रेस-वे होगा…

नईदिल्ली (ए)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज रविवार 12 फरवरी को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे का दिल्ली-दौसा-लालसोट खंड राष्ट्र को समर्पित किया. दौसा से एक्सप्रेस-वे के पहले चरण का उद्घाटन करने के बाद पीएम मोदी ने कार्यक्रम को संबोधित भी किया. पीएम मोदी ने कहा कि बीते 9 वर्षों से हम लोग आधारभूत संरचना पर बहुत निवेश कर रहे हैं. इस निवेश का बहुत बड़ा लाभ राजस्थान को होने वाला है। पीएम मोदी ने कहा कि आज दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के पहले चरण को राष्ट्र को समर्पित करते हुए मुझे बहुत गर्व हो रहा है. ये देश के सबसे बड़े और सबसे आधुनिक एक्सप्रेस-वे में से एक है. ये विकसित भारत की एक और भव्य तस्वीर है. मैं दौसावासियों और देशवासियों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं. इस साल के बजट में हमने इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए 10 लाख करोड़ रुपये का प्रावधान किया है. यह राशि 2014 में प्रावधानित राशि का पांच गुना है. इस निवेश से राजस्थान को काफी फायदा होने वाला है।

“देश की प्रगति को गति मिलती है” प्रधानमंत्री ने दौसा में 18,100 करोड़ रुपये से अधिक लागत की सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया. उन्होंने कहा कि कहा कि जब ऐसी आधुनिक सड़कें, आधुनिक रेलवे स्टेशन, रेलवे ट्रैक, मेट्रो और एयरपोर्ट बनते हैं तो देश की प्रगति को गति मिलती है. इंफ्रास्ट्रक्चर पर होने वाला निवेश, उससे भी अधिक निवेश को आकर्षित करता है. केंद्र सरकार भी निरंतर इंफ्रास्ट्रक्चर पर बहुत बड़ा निवेश कर रही है।

राजस्थान में पर्यटन और बढ़ेगा पीएम ने आगे कहा कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और वेस्टर्न डेडिकेटिड फ्राइट कॉरिडोर, ये राजस्थान की, देश की प्रगति के दो मजबूत स्तंभ बनने वाले हैं. ये प्रोजेक्ट्स, आने वाले समय में राजस्थान सहित इस पूरे क्षेत्र की तस्वीर बदलने वाले हैं. उन्होंने कहा कि इस आधुनिक कनेक्टिविटी का लाभ सरिस्का टाइगर रिजर्व, केवलादेव और रणथम्भोर नेशनल पार्क, जयपुर, अजमेर जैसे अनेक पर्यटक स्थलों को भी होगा. देश और विदेश के पर्यटकों के लिए राजस्थान पहले ही आकर्षक रहा है, अब इसका आकर्षण और बढ़ जाएगा।

भारत का सबसे लंबा एक्सप्रेस-वे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे का दिल्ली-दौसा-लालसोट खंड 246 किलोमीटर लंबा है, जिसे 12,150 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित किया गया है. इस खंड के चालू हो जाने से दिल्ली से जयपुर का यात्रा समय पांच घंटे से कम होकर लगभग साढ़े तीन घंटे रह जाएगा. दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे भारत का सबसे लंबा एक्सप्रेस-वे होगा, जिसकी कुल लंबाई 1,386 किलोमीटर है।

छह राज्यों से होकर गुजरेगा इसके बन जाने से दिल्ली और मुंबई के बीच की यात्रा दूरी में 12 प्रतिशत की कमी आएगी. यात्रा के समय में भी 50 प्रतिशत की कमी आयेगी. पहले जहां यात्रा में 24 घंटे लगते थे, वहीं अब 12 घंटे लगेंगे. यह एक्सप्रेस-वे छह राज्यों- दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र से होकर गुजरेगा।

Related Posts