रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने निवास कार्यालय में पधारे जूना अखाड़ा के महामंडेश्वर पूज्य स्वामी यतीन्द्रानन्द गिरि जी महाराज को शाॅल-श्रीफल भेंट कर स्वागत-सम्मान कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर महामंडेश्वर पूज्य स्वामी यतीन्द्रानन्द गिरि जी महाराज ने मुख्यमंत्री श्री बघेल को केवट उवाच पत्रिका भेंट की और छत्तीसगढ़ राज्य में प्रेम- सद्भाव एवं संस्कृति की सराहना की और राज्य की निरंतर प्रगति, सुख-शांति और समृद्धि का आशीर्वाद दिया।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से अपेक्स बैंक अध्यक्ष ने की सौजन्य मुलाकात: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से उनके निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ अपेक्स बैंक के अध्यक्ष बैजनाथ चन्द्राकर के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल ने की सौजन्य मुलाकात। उन्होंने मुख्यमंत्री को सहकारी समितियों और सहकारी बैंकों के जरिये किसानों, खेतिहर मजदूरों, आदिवासियों के हित में संचालित योजनाओं एवँ छत्तीसगढ़ सहकारी बैंक प्रशिक्षण संस्थान के स्थापना व संचालन की प्रगति तथा उपलब्धियों से अवगत कराया।
मुख्यमंत्री ने जनहितैषी कार्यों की सराहना करते हुए सदस्यों को बधाई दी। इस अवसर पर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक बिलासपुर के अध्यक्ष प्रमोद नायक, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक राजनांदगांव के अध्यक्ष नवाज़ खान, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग के अध्यक्ष राजेन्द्र साहू, अपेक्स बैंक डीजीएम भूपेश चंद्रवंशी तथा अपेक्स बैंक संचालकों में द्वारिका साहू, शंकर सोढ़ी, अजय बंसल, राकेश सिंह ठाकुर भी उपस्थित थे।















