एयर मार्शल अमर प्रीत सिंह बुधवार को भारतीय वायु सेना के नए उप प्रमुख के रूप में पदभार ग्रहण करेंगे, वे एयर मार्शल संदीप सिंह की जगह लेंगे…
नईदिल्ली (ए)। एयर मार्शल एपी सिंह को भारतीय वायुसेना का नया उप प्रमुख नियुक्त किया गया है. अधिकारियों ने सोमवार 30 जनवरी को यह जानकारी दी. एपी सिंह एयर मार्शल संदीप सिंह का स्थान लेंगे, जो मंगलवार को सेवानिवृत्त होंगे. अधिकारियों ने बताया कि एयर मार्शल एपी सिंह वर्तमान में मध्य वायु कमान के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के रूप में कार्यरत हैं और वह बुधवार को उप प्रमुख का पदभार संभालेंगे।
उन्हें 21 दिसंबर, 1984 को भारतीय वायुसेना की फाइटर स्ट्रीम में कमीशन दिया गया था. एयर मार्शल एपी सिंह राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, रक्षा सेवा स्टाफ कॉलेज और राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय के पूर्व छात्र हैं. वह एक योग्य उड़ान प्रशिक्षक और एक प्रायोगिक परीक्षण पायलट हैं, जिन्होंने विभिन्न प्रकार के विमानों से 4,900 घंटे से अधिक समय उड़ान भरी है।
जानिए एयर मार्शल एपी सिंह के बारे में एपी सिंह मिग 27 स्क्वाड्रन के कमांडिंग ऑफिसर व फ्लाइट कमांडर और एक एयर बेस के एयर ऑफिसर कमांडिंग के रूप में सेवाएं दे चुके हैं. एयर मार्शल सिंह ने परीक्षण पायलट के रूप में विभिन्न रैंक और क्षमताओं पर विमान और प्रणाली परीक्षण प्रतिष्ठान में सेवा दी है।
मिग 29 अपग्रेड प्रोजेक्ट मैनेजमेंट टीम का किया था नेतृत्व उन्होंने मॉस्को, रूस में मिग 29 अपग्रेड प्रोजेक्ट मैनेजमेंट टीम का भी नेतृत्व किया. एयर मार्शल एपी सिंह राष्ट्रीय उड़ान परीक्षण केंद्र में हल्के लड़ाकू विमान तेजस के उड़ान परीक्षण की देखरेख करने वाले परियोजना निदेशक (उड़ान परीक्षण) और दक्षिण पश्चिमी वायु कमान में वायु रक्षा कमांडर थे. मध्य वायु कमान के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के रूप में कार्यभार संभालने से पहले, वह पूर्वी वायु कमान में वरिष्ठ एयर स्टाफ ऑफिसर थे।















