BREAKING

देश-दुनियाफीचर्ड

नेपाल में भीषण प्लेन हादसा: अब तक सभी 68 यात्रियों के शव बरामद, हेल्प लाइन नंबर जारी, एक दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा

विमान हादसे पर नेपाली सरकार ने बड़ा ऐलान किया है, नेपाल में एक दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की गई है, विमान में 53 नेपाली नागरिक सवार थे…

नईदिल्ली (ए)। नेपाल में रविवार को बड़ा विमान हादसा हो गया. विमान हादसे के बाद प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ने कैबिनेट की आपात बैठक बुलाई है. प्रधानमंत्री दहल ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरा शोक जताया. प्रधानमंत्री ने गृह मंत्रालय, सुरक्षाकर्मियों और सभी सरकारी एजेंसियों को तत्काल बचाव और राहत अभियान चलाने का निर्देश दिया है।

प्रधानमंत्री दहल काठमांडू हवाईअड्डे के लिए रवाना
हादसे की जानकारी लेने के लिए प्रधानमंत्री दहल काठमांडू हवाईअड्डे के लिए रवाना हो गए हैं. नेपाल के पोखरा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर येति एयरलाइंस का ATR-72 प्लेन क्रैश हो गया. हादसे में बड़ी संख्या में लोगों के मारे जाने की खबर है. 72 सीटों वाले इस विमान में लैंडिंग से पहले हवा में ही आग लग गई थी. दुर्घटना स्थल पर राहत-बचाव कार्य जारी है और फिलहाल एयरपोर्ट को बंद कर दिया गया है।

अबतक 68 शवों को बरामद
नेपाल पुलिस के मुताबिक अबतक सभी 68 शवों को बरामद किया जा चुका है. येति एयरलाइंस का विमान नेपाल की राजधानी काठमांडू से पोखरा जा रहा था. पोखरा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से आ रही वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि वहां अफरा-तफरी का माहौल है, बचावकर्मी विमान में लगी आग को पानी से बुझाने की कोशिश कर रहे हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, खराब मौसम के बीच पोखरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने का प्रयास करते समय विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. पोखरा हवाई अड्डे का इलाका पहाड़ियों से घिरा हुआ है. रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि रनवे पर दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण विमान में आग लग गई।

स्थानीय अधिकारी गुरुदत्त ढकाल ने समाचार एजेंसी AFP को बताया कि मलबे में आग लगी हुई थी और बचावकर्मी आग बुझाने की कोशिश कर रहे हैं. गुरुदत्त ढकाल ने कहा, “रेस्क्यू टीम और बचावकर्मी मौके पर मौजूद हैं. सभी एजेंसियां ​​पहले आग बुझाने और यात्रियों को बचाने पर ध्यान केंद्रित कर रही हैं।

विमान में तीन बच्चे और 62 वयस्क सवार थे: येती एयरलाइंस के प्रवक्ता सुदर्शन बरतौला के मुताबिक, विमान में कुल 68 यात्री और चालक दल के चार सदस्य सवार थे. इन यात्रियों में तीन बच्चे और 62 वयस्क सवार थे।

मौसम नहीं बल्कि तकनीकी खराबी के कारण हादसा: एयरपोर्ट अथॉरिटी ने दावा किया है कि विमान हादसा मौसम की खराबी के चलते नहीं बल्कि तकनीकी खराबी के कारण हुआ है. पायलट ने एटीसी से लैंडिंग परमिशन ले ली थी. पोखरा एटीसी से लैंडिंग के लिए ओके भी कह दिया गया था. सिविल एविएशन ऑथरिटी का कहना है कि लैंडिंग से ठीक पहले विमान में आग की लपटें दिखाई दी थी इसलिए मौसम की खराबी के कारण दुर्घटना होने की बात नहीं कही जा सकती है।

विमान में 5 भारतीय सवार थे: एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारी के अनुसार, नेपाल के दुर्घटनाग्रस्त येति एयरलाइंस के विमान में 5 भारतीय सवार थे. इसके अलावा 4 रूसी, 2 दक्षिण कोरियाई, 1 अर्जेंटीना, 1 ऑस्ट्रेलियाई, 1 फ्रेंच और 1 आयरिश नागरिक सवार थे।

भारत ने नेपाल से जानकारी मांगी: दुर्घटनाग्रस्त विमान में भारतीय नागरिकों के होने और उनकी पहचान को लेकर जानकारी मांगी गई है. काठमांडू में भारतीय दूतावास भी नेपाल प्रशासन और येति एयरलाइंस के साथ सम्पर्क में है।

ज्योतिरादित्य सिंधिया ने नेपाल विमान हादसे पर दुख जताया: केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने नेपाल विमान हादसे पर दुख जताया. उन्होंने कहा नेपाल में हुआ हादसा दुर्भाग्यपूर्ण है।

पोखरा से सभी उडानें स्थगित: पोखरा अन्तरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से आज दिनभर के लिए सभी उडानों को स्थगित कर दिया गया है।

हेल्पलाइन नंबर जारी: नेपाल में भारतीय दूतावास ने लोगों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया है. काठमांडू के लिए हेल्पलाइन नंबर +977-9851107021 और पोखरा के लिए +977-9856037699 हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं।

पांच सदस्यीय जांच कमिटी की घोषणा: नेपाल विमान हादसे को लेकर नागेन्द्र घिमिरे के निर्देशन में पांच सदस्यीय जांच कमिटी की घोषणा की गई है, जो दुर्घटना की जांच करेगी. इस कमेटी में पूर्व नागरिक उड्डयन सचिव नागेन्द्र घिमिरे, हवाई उडान विज्ञ दीपक प्रसाद बांस्तोला, अवकाश प्राप्त सीनियर पायलट सुनिल थापा और हवाई मेन्टेनेन्स क्षेत्र के इन्जिनियर टेकराज जंग थापा को कमिटी में रखा गया है।

PM दहल की पोखरा यात्रा रद्द: नेपाल के सचिवालय ने बताया है कि नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल और गृह मंत्री रबी लामिछाने की पोखरा यात्रा रद्द हो गई है।

सभी 68 यात्रियों के शव बरामद: नेपाल विमान में यात्रा करते वाले सभी 68 यात्रियों की मौत हो गई है. इस हादसे को लेकर नेपाल में एक दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की गई है।

Related Posts