विराट कोहली ने श्रीलंका के खिलाफ आखिरी वनडे मैच में अपने करियर का 46वां शतक लगाया, वहीं वनडे क्रिकेट में सचिन तेंदुलकर ने सबसे ज्यादा 49 शतक लगाए हैं…
तिरूवनंथपुरम (ए)। तिरुवनंतपुरम में खेले जा रहे तीसरे वनडे में टीम इंडिया ने पहले खेलने के बाद 50 ओवर में 5 विकेट पर 390 रन बनाए हैं. इस तरह श्रीलंका के सामने 391 रनों का लक्ष्य है. भारत के लिए स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने 166 रनों की पारी खेली. उन्होंने सिर्फ 85 बॉल पर अपना शतक पूरा किया. कोहली के बल्ले से 13 चौके और 8 छक्के निकले. वनडे क्रिकेट में यह उनका 46वां शतक है. विराट के अलावा शुभमन गिल ने भी शतक जड़ा. उन्होंने 116 रन बनाए।
भारत और श्रीलंका के बीच 3 वनडे मैचों की सीरीज का आखिरी मैच तिरूवनंथपुरम में खेला जा रहा है. इस मैच में टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. भारत के लिए ओपनर शुभमन गिल के अलावा विराट कोहली ने शतकीय पारी खेली. ओपनर शुभमन गिल ने 89 गेंदों पर शतक पूरा किया. वहीं, विराट कोहली ने 85 गेंदों पर वनडे करियर का 46वां शतक जड़ा।
सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ देंगे विराट कोहली: विराट कोहली ने अपनी पारी में 10 चौके और 1 छक्का लगाया. बहरहाल, विराट कोहली वनडे इतिहास में दूसरे सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. विराट कोहली से आगे बस पूर्व महान भारतीय बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर हैं. सचिन तेंदुलकर ने वनडे फॉर्मेट में 49 शतक जड़े हैं. इस तरह क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले पूर्व भारतीय बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक के मामले में विराट कोहली महज 3 शतक पीछे हैं।
विराट कोहली को वनडे में बनाने होंगे 4 और शतक: सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ने के लिए विराट कोहली 4 शतक लगाने होंगे. जिसके बाद पूर्व भारतीय कप्तान वनडे फॉर्मेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे. बहरहाल, जिस तरह विराट कोहली का हालिया फॉर्म जारी है, ऐसा लग रहा है कि किंग कोहली जल्द इस आंकड़े को पार कर सकते हैं. हालांकि, एशिया कप 2022 से पहले तकरीबन 2 साल का वक्त विराट कोहली के लिए अच्छा नहीं रहा था. इस दौरान पूर्व भारतीय कप्तान लगातार खराब फॉर्म से जूझते रहे, लेकिन एशिया कप में अफगानिस्तान के खिलाफ शतक बनाकर विराट कोहली ने फॉर्म में वापसी की।















