पहले वनडे मुकाबले के लिए विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे सीनियर्स गुवाहाटी पहुंच चुके हैं, भारतीय समयानुसार पहला वनडे मुकाबला दोपहर 1.30 बजे से होगा…
गुवाहाटी (ए)। श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज में शानदार प्रदर्शन करने के बाद अब भारतीय टीम की निगाहें वनडे सीरीज पर है। दोनों देशों की तीन मैचों की वनडे सीरीज आज 10 जनवरी से शुरू हो रही है। टी20 सीरीज में जहां हार्दिक पंड्या ने टीम की कप्तानी की थी. वहीं वनडे सीरीज में रोहित शर्मा टीम का नेतृत्व करने जा रहे हैं. रोहित इंजरी के चलते क्रिकेटिंग एक्शन से दूर थे।
वनडे सीरीज में विराट कोहली, मोहम्मद शमी और केएल राहुल जैसे सीनियर खिलाड़ियों का भी जलवा दिखाई देगी. इसके साथ ही तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी बैक इंजरी से उबरने के बाद एक्शन में लौट रहे हैं. रोहित शर्मा और विराट कोहली समेत कई खिलाड़ी पहले वनडे मुकाबले के लिए गुवाहाटी भी पहुंच चुके हैं. आइए भारत-श्रीलंका वनडे सीरीज से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण जानकारी आपको बताते हैं…
किसका पलड़ा है भारी?
भारत और श्रीलंका के बीच अबतक 162 वनडे इंटरनेशनल मुकाबलों का आयोजन हुआ है. इस दौरान टीम इंडिया को 93 मुकाबलों में जीत हासिल हुई है. वहीं श्रीलंकाई टीम 57 मुकाबले जीतने में सफल रही. इसके साथ ही 11 मैचों का नतीजा नहीं निकल पाया और एक मैच टाई पर भी छूटा।
तीनों वनडे मैच का शेड्यूल क्या है?
वनडे सीरीज के शेड्यूल की बात करें तो पहला मुकाबला 10 जनवरी को गुवाहाटी में होगा. फिर 12 जनवरी को कोलकाता के ईडन गार्डन्स और 15 जनवरी को तिरुवनंतपुरम के मैदान पर दोनों टीमें भिड़ेंगी. तीनों वनडे मुकाबले भारतीय समयानुसार दोपहर 1.30 बजे से शुरू होंगे।
कहां देख पाएंगे वनडे सीरीज के मुकाबले?
भारत-श्रीलंका के बीच वनडे सीरीज का टीवी पर प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा. यह प्रसारण तमिल, बांग्ला जैसे रीजनल भाषाओं में भी होगा. वहीं डिज्नी प्लस हॉटस्टार और उसके वेबसाइट पर भी इन तीनों मैचों की लाइव-स्ट्रीमिंग की जाएगी. भारत और श्रीलंका के बीच होने वाले इन तीनों मैचों को डीडी स्पोर्ट्स (फ्री टू एयर) पर भी लाइव देखा जा सकता है।















