राजकोट में हार के बाद श्रीलंका के कप्तान दासुन शनाका ने टीम इंडिया और सूर्यकुमार यादव की तारीफ की, साथ ही उन्होंने कहा कि मेरी उंगलियों में चोट है, इस वजह से मैंने गेंदबाजी नहीं की…
राजकोट (ए)। भारत और श्रीलंका के बीच खेली गई टी20 सीरीज़ में भारतीय टीम ने जीत दर्ज कर ली. सीरीज़ का आखिरी मैच राजकोट में खेला गया. इस निर्णायक मुकाबले को भारतीय टीम ने 91 रनों से जीता. इस मैच में टीम के स्टार बल्लेबाज़ सूर्यकुमार यादव का बहुत अहम किरदार रहा. उन्होंने ताबड़तोड़ शतकीय पारी खेली. सूर्या ने 51 गेंदों में 7 चौके और 9 छक्कों की मदद से 112 रन बनाए. इस मैच में सूर्या के अलावा कई और भारतीय खिलाड़ियों ने भी शानदार परफॉर्म किया. आइए इस जानते हैं आखिरी मैच में जीत के बाद क्या कुछ बोले हार्दिक पांड्या।
भारतीय टीम के कप्तान हार्दिक पांड्या ने मैच के बाद बात करते हुए कहा, “मुझे लगता है कि सूर्या हर पारी में बल्लेबाजी करते हुए सभी को हैरान कर रहे हैं. वह हमें बता रहे हैं कि बल्लेबाज़ी बहुत आसान है. अगर मैं उन्हें गेंदबाजी कर रहा होता, तो मैं उनकी बल्लेबाज़ी देखकर निराश होता. राहुल त्रिपाठी के लिए खासतौर पर- गेंद कुछ कर रही थी (स्विंग) लेकिन उन्होंने शानदार जज्बा दिखाया. इसके बाद सूर्या ने यह काम किया. आपको उन्हें कुछ बताने की ज़रूरत नहीं है, वह जानते हैं कि उन्हें क्या करना है. अगर कोई ऐसी स्थिति है जहां वह कुछ अनिश्चित हैं, तो हमारे पास हमारी चैट (बातचीत) है, लेकिन अधिक्तर वह जानते कि उन्हें क्या करना हैं।”
अपने खिलाड़ियों का समर्थन करूंगा: हार्दिक ने आगे कहा, “मुझे अक्षर पर बहुत गर्व है, जिस तरह से नीचे क्रम में वह बल्लेबाज़ी और हिटिंग कर रहा है. इससे उन्हें और टीम को भी काफी आत्मविश्वास मिलेगा. कप्तान के रूप में जीवन में मेरा मोटो रहा है कि मैं अपने खिलाड़ियों का समर्थन करूंगा. यह भारत में सर्वश्रेष्ठ टी20 क्रिकेटर्स हैं, इसलिए ये यहां हैं. इस प्रारूप में संदेह की कोई जगह नहीं है और हम खिलाड़ियों का सही तरीके से समर्थन कर रहे हैं. हम सीरीज में जिस तरह खेले वह सुखद है. हम दूसरे मैच में अपना 50 प्रतिशत भी नहीं खेल पाए लेकिन फिर भी हमने अच्छा प्रदर्शन किया था।
वहीं, इस हार के बाद श्रीलंका के कप्तान दाशुन शनाका ने टीम इंडिया और सूर्यकुमार यादव की तारीफ की. साथ ही उन्होंने कहा कि मैं चाहता हूं कि हमारे खिलाड़ी अपनी गलतियों से सीखें और आने वाले दिनों मे अच्छा प्रदर्शन करें. उन्होंने आगे कहा कि भारत दौरे से पहले मेरा फॉर्म ठीक नहीं था, लेकिन इस सीरीज के पहले मैच से अच्छी बल्लेबाजी कर रहा था. मैं अपने व्यक्तिगत प्रदर्शन से खुश हूं. इसके अलावा हमारे खिलाड़ियों ने सीरीज में जिस तरह का खेल दिखाया, हमारे लिए काफी पॉजिटिव हैं. साथ ही उन्होंने कहा कि मेरी उंगलियों में चोट है, इस वजह से मैंने सीरीज में गेंदबाजी नहीं की, लेकिन उम्मीद है कि वनडे सीरीज में गेंदबाजी कर पाउंगा।















