भिलाई इस्पात संयंत्र के सिंटर प्लांट-3 में डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन के तहत चल रही विभिन्न अभिनव पहलों के हिस्से के रूप में एसपी-3 में आज 27 दिसम्बर 2022 को ई-रिक्वीजीशन सिस्टम का शुभारंभ किया गया। बीएसपी के शीर्ष प्रबंधन की उपस्थिति में आयोजित समारोह में ई-रिक्वीजीशन सिस्टम का उद्घाटन कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) अंजनी कुमार द्वारा किया गया। इस सिस्टम को शिफ्ट रूम में भरे फिजिकल रिक्विजिशन की जरूरत को बदलने और उन्हें पेपरलेस बनाने के लिए डिजाइन किया गया है। इस सिस्टम को पूरी तरह आंतरिक संसाधनों से न्यूनतम निवेश के साथ विकसित किया गया है।
ई-रिक्वीजीशन सिस्टम को इस तरह विकसित किया गया है कि अधिकृत कर्मियों द्वारा किसी भी कम्प्यूटर या मोबाइल से संचालित किया जा सकता है और उचित टाइमस्टैम्पिंग के साथ कार्य निष्पादन की प्रतिक्रिया भी दी जा सकती है। सुरक्षा में सुधार, समय की जवाबदेही और देरी को कम करना, गलत संचार की संभावना को समाप्त करना और मैन्युअल प्रविष्टि के लिए मांगकर्ता की भौतिक उपस्थिति की आवश्यकता को इस सिस्टम द्वारा समाप्त किया जा सकता है।
ई-रिक्वीजीशन सिस्टम की संपूर्ण अवधारणा और कार्यान्वयन को एसपी-3 और सी एंड आईटी की टीम द्वारा किया गया है, जिसमें उप महाप्रबंधक (एसपी-3) सौरभ वार्ष्णेय, वरिष्ठ प्रबंधक (सी एंड आईटी) जितेंद्र मीणा, प्रबंधक (एसपी-3) अरुणेश शर्मा और प्रबंधक (एसपी-3) अखिल यू के शामिल थे।bइस अवसर पर कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) अंजनी कुमार ने अपने संबोधन में इंडस्ट्री 4.0 की यात्रा में इस तरह की इन-हाउस पहल की आवश्यकता पर जोर दिया और परियोजना की अवधारणा और कार्यान्वयन में शामिल टीम की सराहना की। संयंत्र के अन्य विभागों से भी अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसी परियोजनाओं को लागू करने का आग्रह किया।
इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (सी एंड आईटी) पी के झा, मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (सेवाएं) पी के सरकार, मुख्य महाप्रबंधक (सिंटर प्लांट्स) अनूप कुमार दत्ता, मुख्य महाप्रबंधक (इंटरनल ऑडिट) एस वी नंदनवार, महाप्रबंधक प्रभारी (सिंटर प्लांट्स) एम आर के शरीफ ने परियोजना के सफल कार्यान्वयन पर टीम और विभाग की सराहना की। कार्यक्रम की अध्यक्षता अरुणेश शर्मा ने किया। परियोजना के विकास के आवश्यकता और पृष्ठभूमि पर एक संक्षिप्त विवरण सौरभ वार्ष्णेय द्वारा दिया गया। इसके बाद प्रोजेक्ट पर तकनीकी प्रस्तुति और डेमो जितेंद्र मीणा व अखिल यू के द्वारा प्रस्तुत किया गया।















