श्रीलंका के खिलाफ सीरीज के साथ भारत के लिए 2023 की शुरुआत हो जाएगी और भारतीय खिलाड़ियों के लिए एक और व्यस्त साल आ जाएगा…
नईदिल्ली (ए)। भारतीय क्रिकेट टीम के लिए साल 2022 की समाप्ति हो चुकी है. भारतीय टीम के खिलाड़ी अब आठ दिन के ब्रेक पर रहेंगे जिसके बाद उन्हें फिर से मैदान पर वापसी करनी है. श्रीलंका के खिलाफ सीरीज के साथ भारत के लिए 2023 की शुरुआत हो जाएगी और भारतीय खिलाड़ियों के लिए एक और व्यस्त साल आ जाएगा. आइए जानते हैं 2023 में भारतीय टीम कितनी व्यस्त रहने वाली है।
भारत और श्रीलंका के बीच तीन वनडे तथा तीन टी20 मैचों की सीरीज 03 जनवरी से 15 जनवरी के बीच खेली जानी है. इसकी समाप्ति के तीन बाद ही न्यूजीलैंड के साथ भी इतने ही मैचों की सीरीज खेली जानी है जिसका समापन 01 फरवरी को होगा. आठ दिन के ब्रेक के बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बड़ी सीरीज खेली जानी है. चार मैचों की टेस्ट सीरीज के साथ दौरे की शुरुआत होनी है और फिर 24 मार्च से तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जानी है।
इस सीरीज की समाप्ति के तुरंत बाद ही खिलाड़ियों को आईपीएल के लिए तैयार रहना होगा. आईपीएल के लिए शेड्यूल अभी फाइनल नहीं हुआ है, लेकिन महिला आईपीएल के पहले सीजन की समाप्ति के बाद अप्रैल के पहले हफ्ते में आईपीएल का 16वां सीजन शुरू हो सकता है. लगभग ढाई महीने तक आईपीएल में व्यस्त रहने के बाद खिलाड़ियों को छोटा सा ब्रेक मिलेगा।
साल के अंत में होगा एशिया कप और वर्ल्ड कप: इसके बाद उन्हें एशिया कप में हिस्सा लेना होगा. एशिया कप की मेजबानी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को करनी है, लेकिन फिलहाल होस्ट नेशन का नाम साफ नहीं हो पाया है. सितंबर में एशिया कप की समाप्ति होने के बाद भारतीय टीम को 2023 वनडे वर्ल्ड कप में भी हिस्सा लेना है. वनडे वर्ल्ड कप का आयोजन भारत में 10 अक्टूबर से लेकर 26 नवंबर के बीच किया जाना है।














