तीसरे दिन बांग्लादेश के स्पिनर्स ने खतरनाक गेंदबाजी करते हुए भारत को चार झटके दे दिए हैं, और मैच को काफी रोमांचक बना दिया है…
नईदिल्ली (ए)। भारत और बांग्लादेश के बीच ढाका में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट का तीसरा दिन काफी रोमांचक रहा. भारतीय टीम को मैच जीतने के लिए 145 रनों का लक्ष्य मिला है जिसके जवाब में उन्होंने दिन का खेल खत्म होने तक चार विकेट के नुकसान पर 45 रन बना लिए हैं. भारत के ऊपर हार का खतरा मंडरा रहा है, लेकिन टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज का कहना है कि चिंता की बात नहीं है।
तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने कहा कि चिंता करने की जरूरत नहीं है, क्योंकि किसी एक बल्लेबाज की लंबी पारी टीम को जीत दिलाने के लिए काफी होगी. सिराज ने तीसरे दिन का खेल खत्म होने के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा, मुझे लगता है कि हमें अभी ज्यादा नहीं सोचना चाहिए, क्योंकि हमने सिर्फ चार विकेट गंवाए हैं. हमें लगभग 80 (100) रन और चाहिए. हमें सिर्फ एक बल्लेबाज से लंबी पारी की जरूरत है, अक्षर क्रीज पर सही इंटेंट दिखा रहा है।
मैच के तीसरे दिन स्टंप्स के समय अक्षर पटेल 26 जबकि जयदेव उनादकट तीन रन बनाकर खेल रहे थे. भारत को जीत के लिए और 100 रन की जरूरत है. सिराज ने कहा, हां, हमने दो विकेट अतिरिक्त गंवाए लेकिन अक्षर ने पिच से सामंजस्य बैठा लिया है, वह मजबूत जज्बा दिखा रहा है. इसके बाद हमारे पास ऋषभ (पंत) और श्रेयस (अय्यर) भी हैं, इसलिए हमें ज्यादा चिंता नहीं करनी चाहिए।
भारतीय टीम अगर 145 रन बना लेती है तो इस मैदान पर चौथी पारी में जीत दर्ज करते हुए यह तीसरा सबसे बड़ा स्कोर होगा. इससे पहले इस मैदान पर चौथी पारी में लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा करते हुए 209, 205 और 103 रन बने हैं। लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने केएल राहुल (02) और चेतेश्वर पुजारा (06) के विकेट जल्दी गंवा दिये, जिसके बाद कोच राहुल द्रविड़ ने अक्षर पटेल को चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए भेजा।
सिराज ने कहा, अक्षर पटेल को भेजना टीम प्रबंधन का फैसला था. मुझे लगता है कि अगर बायें और दायें हाथ के बल्लेबाज हैं तो गेंदबाजों के लिए सामंजस्य बैठाना मुश्किल होता है। हैदराबाद के इस गेंदबाज ने दूसरी पारी में मोमिनुल हक (पांच) और लिटन दास (73) के विकेट चटकाये जिससे भारत ने बांग्लादेश की पारी को 231 रन पर समेटा. सिराज ने कहा, इस पिच पर तेज गेंदबाजों के लिए अतिरिक्त उछाल है, इसलिए मैं बल्लेबाजों के लिए मुश्किल क्षेत्र में जितना संभव हो सके उतना गेंदबाजी करने की कोशिश कर रहा था. हमें अतिरिक्त उछाल मिल रही थी और हमारी योजना गेंद को जोर से टप्पा खिलाने की थी।















