BREAKING

देश-दुनियाफीचर्ड

Google के CEO सुंदर पिचाई ने की पीएम मोदी से मुलाकात: कहा- शानदार मुलाकात के लिए थैंक्यू

पीएम मोदी से मुलाकात के बाद पिचाई ने लिखा कि आज की शानदार मुलाकात के लिए धन्यवाद पीएम नरेंद्र मोदी. आपके नेतृत्व में तकनीकी परिवर्तन की रफ्तार देखकर प्रेरणा मिलती है…

नईदिल्ली (ए)। गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई ने सोमवार को पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. पिचाई ने पीएम के साथ अपने इस मुलाकात की जानकारी ट्वीट करते हुए दी. पिचाई ने पीएम मोदी के साथ फोटो साझा करते हुए लिखा कि आज की शानदार मुलाकात के लिए धन्यवाद पीएम नरेंद्र मोदी. बता दें कि गूगल सीईओ भारत में गूगल का सबसे बड़ा इवेंट गूगल फॉर इंडिया के 8वें एडिशन में शामिल होने के लिए भारत आए हैं।

पीएम मोदी से मुलाकात के बाद पिचाई ने ट्वीट करते हुए ख़ुशी जाहिर की. उन्होंने लिखा कि आज की शानदार मुलाकात के लिए धन्यवाद पीएम नरेंद्र मोदी। आपके नेतृत्व में तकनीकी परिवर्तन की तेज रफ्तार को देखकर प्रेरणा मिलती है. हमारी मजबूत साझेदारी को जारी रखने और सभी के लिए काम करने वाले एक खुले, कनेक्टेड इंटरनेट को आगे बढ़ाने के लिए भारत की G20 अध्यक्षता का समर्थन करने के लिए हम तत्पर हैं।’

आईटी मंत्री से भी की मुलाकात: गूगल फॉर इंडिया के 8वें एडिशन में शामिल होने के लिए भारत आए सुंदर पिचाई ने सूचना एवं तकनीक मंत्री अश्विनी वैष्णव से भी मुलाकात की. इस दौरान दोनों के बीच भारत में एआई और एआई आधारित सॉल्यूशन को लेकर चर्चा हुई. पिचाई ने आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ बातचीत के दौरान कहा कि कुछ ऐसा बनाना आसान है जो पूरे देश में फैला हो और यही वह अवसर है जो भारत के पास है. स्टार्टअप के लिए हर पल बेहतर क्षण है, भले ही हम अभी मैक्रो-इकोनॉमिक स्थिति के माध्यम से काम कर रहे हैं।

गूगल की नजर में है भारत: दिल्ली के प्रगति मैदान में आयोजित कार्यक्रम में सुंदर पिचाई ने कहा कि गूगल भारत से कारोबार कर रहे स्टार्टअप पर ध्यान केंद्रित कर रही है. उन्होंने कहा कि इन नई कंपनियों के लिए चिह्नित 30 करोड़ डॉलर में से एक-चौथाई राशि महिलाओं की अगुवाई वाले स्टार्टअप में निवेश की जाएगी।

पिचाई ने कहा कि प्रौद्योगिकी बड़े पैमाने पर काम कर रही है और दुनियाभर के लोगों की जिंदगी पर असर डाल रही है. ऐसे समय में जिम्मेदार एवं संतुलित नियम बनाने की मांग उठ रही है. उन्होंने कहा कि इसके (भारत) पास जो पैमाना और प्रौद्योगिकी होगी, उसे देखते हुए यह सुनिश्चित करना महत्वपूर्ण है कि आप लोगों के लिए सुरक्षा उपाय करें, संतुलन साधें।

Related Posts