BREAKING

दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

CSPDCL दुर्ग रीजन ने 1646 बिजली बकायादारों पर कार्रवाई कर वसूले 02 करोड़ 35 लाख रुपए से अधिक की राशि

दुर्ग। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, दुर्ग क्षेत्र द्वारा बकायेदार उपभोक्ताओं से बकाया राजस्व वसूली के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत दुर्ग रीजन में विशेष अभियान चलाकर विगत दो सप्ताह के भीतर 1646 निम्नदाब उपभोक्ताओं सेे 02 करोड़ 35 लाख रुपए से अधिक की वसूली की गई। इस दौरान बिजली बिल का भुगतान नहीं करने वाले 1316 बकायेदार उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्षन काट दिये गये।

गौरतलब है कि बिजली कंपनी द्वारा अपने उपभोक्ताओं को निर्धारित समयावधि पर बिजली बिल के भुगतान के लिए बिल वितरण की व्यवस्था के साथ-साथ ‘‘मोर बिजली एप’’ एवं अन्य ऑनलाइन सुविधाएं दी जा रही है। बिजली बिल के देयको के भुगतान में विलंब होने पर उपभोक्ताओं को बार-बार ध्यान आकृष्ठ कराया जा रहा है, जिससे वे देयक समय पर जमा कर देवें। मैदानी अधिकारी एवं उनकी टीम बकायेदार उपभोक्ताओं के पास स्वयं पहुंचकर उनसे बिजली बिल जमा करने का अनुरोध कर रहे हैं। इसके बावजूद बिजली बिल का भुगतान नहीं करने वाले गैरघरेलू, औद्योगिक एवं घरेलू श्रेणी के बकायेदारों के लिए विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है।

अधीक्षण अभियंता (वृत्त) सलील कुमार खरे ने बताया कि विद्युत कंपनी द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि सहायक एवं कनिष्ठ अभियंता स्तर के अधिकारियों की गठित टीम द्वारा कार्यवाही करते हुए दुर्ग वृत्त के अंतर्गत 378 निम्नदाब उपभोक्ताओं सेे दो सप्ताह के भीतर 64 लाख 19 हजार रुपए की वसूली की गई। बकाया भुगतान नहीं करने वाले 541 निम्नदाब उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन काट दिये गये। अधीक्षण अभियंता (शहर वृत्त) तरुण कुमार ठाकुर ने बताया कि दुर्ग शहर वृत्त के तीन संभागों दुर्ग शहर, भिलाई पूर्व एवं भिलाई पश्चिम के अंतर्गत विगत दो सप्ताह में 1268 निम्नदाब उपभोक्ताओं सेे एक करोड़ 71 लाख 51 हजार रुपए की वसूली की गई।

बकाया भुगतान नहीं करने वाले 775 निम्नदाब उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन काट दिये गये। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, दुर्ग क्षेत्र के मुख्य अभियंता श्री एम.जामुलकर ने उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि नियत समय पर बिजली बिल का भुगतान करें एवं अप्रिय विद्युत विच्छेदन की कार्यवाही से बचें। उन्होंने उपभोक्ताओं से कहा कि नियत समय पर बिजली बिल जमा कर शासन द्वारा हॉफ बिजली बिल योजना के तहत बिजली बिल में दी जा रही छूट का भी लाभ उठावें।

Related Posts