BREAKING

देश-दुनियाफीचर्ड

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने सदस्यों को सदन में किसी भी जाति और धर्म का उल्लेख न करने की दी चेतावनी

संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान सोमवार 12 दिसंबर को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला थोड़े नाराज दिखे, इस दौरान उन्होंने सदन के सदस्यों को चेतावनी भी दे डाली…

नईदिल्ली (ए)। संसद का शीतकालीन सत्र चल रहा है. इस दौरान सरकार और विपक्ष में खूब नोक झोंक होती हुई दिखाई देती है. इसी तरह का नजारा सोमवार, 12 दिसम्बर 2022, को भी देखने को मिला जब कांग्रेस के एक सांसद ने निर्मला सीतारमण पर आरोप लगाया कि उन्होंने अपने भाषण में जाति आधारित टिप्पणी की है. इस पर लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने सदस्यों को सदन में किसी भी जाति और धर्म का उल्लेख न करने की चेतावनी दी है।

दरअसल, प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस सांसद ए रेवंत रेड्डी ने खुद से संबंधित सामाजिक वर्ग का उल्लेख करने के लिए एक शब्द का इस्तेमाल किया. इस पर आपत्ति जताते हुए लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि जनता ने जाति और धर्म के आधार पर सदस्यों को लोकसभा के लिए नहीं चुना है. अगर वो जाति और धर्म को लेकर चर्चा करेंगे तो उन पर कार्रवाई की जाएगी. इसके अलावा, ओम बिरला ने इस पर भी आपत्ति जताई जिसमें कांग्रेस सांसद ने सवाल पूछते हुए बाधित नहीं करने के लिए कहा।

इसको लेकर ओम बिरला ने लोकसभा में विपक्ष के नेता अधीर रंजन चौधरी से कहा कि वो अपनी पार्टी के सदस्यों को समझा दें कि वो स्पीकर के बारे में इस तरह की टिप्पणी न करें. उन्होंने कहा कि आप सदन के नेता हैं. आप अपने सदस्यों को समझा दें कि भविष्य में स्पीकर पर ऐसी टिप्पणी न करें कि आप (स्पीकर) दखल नहीं दे सकते. आप समझ गए न कि मैंने क्या कहा?

क्या है पूरा मामला? रेड्डी जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के एक पुराने कथन का उल्लेख कर रहे थे तो बिरला ने कहा कि आप प्रश्न पूछिए. इस पर रेड्डी ने कहा कि आप हस्तक्षेप मत करिए. लोकसभा अध्यक्ष ने उनके इस कथन पर भी आपत्ति जताते हुए कहा, ”आप (अधीर रंजन चौधरी) नेता हैं. आप सदस्यों को समझा दें कि वो ऐसा नहीं कह सकते कि मैं हस्तक्षेप नहीं कर सकता. मेरे पास अधिकार है कि हस्तक्षेप करूं.” इस पर रेड्डी ने सफाई देते हुए कहा, ”हम सब यहां चुनकर आते हैं और उम्मीद करते हैं कि आप हमें संरक्षण देंगे।”

Related Posts