BREAKING

दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

दुर्ग में अग्निवीर भर्ती कल से: कलेक्टर- एसपी ने तैयारियों का लिया जायजा; भर्ती हेतु गाइडलाइन, सुझाव व कंट्रोल रूम का नंबर जारी

 

दुर्ग। भारतीय थल सेना में भर्ती हेतु रविशंकर स्टेडियम दुर्ग में 01 से 13 दिसंबर तक अग्निवीर रैली का आयोजन होना है। जिसमें छत्तीसगढ़ राज्य के समस्त जिलों से लगभग 70 हजार युवाओं की उपस्थिति संभावित है। उपस्थित होने वाले युवाओं के उचित प्रबंधन के लिए आज जिला प्रशासन के द्वारा मानस भवन दुर्ग में कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा के मार्गदर्शन में विभागों को सौंपे गए दायित्व की वस्तुस्थिति पर चर्चा की गई। बैठक में उपस्थित विभागाध्यक्ष को अपर कलेक्टर अरविंद एक्का ने सौंपे गए दायित्वों को जिम्मेदारी पूर्ण निर्वाह करने के लिए निर्देशित किया। जिला प्रशासन द्वारा नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, शिक्षा विभाग व अन्य विभागों के संबंधित अधिकारियों से बिंदुवार तय किए गए योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में जानकारी मांगी और सभी दिए गए निर्देश को समय सीमा पर प्रतिपादित करने के लिए कहा। इस अवसर पर जिले के संबंधित अधिकारियों को एक दूसरे के साथ तथा भर्ती का आयोजन करवाने वाली सेना के साथ समन्वय स्थापित करने के लिए कहा गया ताकि बेहतर परिणाम मिल सके। जिला प्रशासन दुर्ग द्वारा उम्मीदवारों के निःशुल्क भोजन एवं आवास की व्यवस्था सेठ रतनचंद सुराना कॉलेज दुर्ग में की गई है। भर्ती प्रक्रिया में प्रतिदिन 6 हजार उम्मीदवार शारीरिक परीक्षण के लिए अपनी उम्मीदवारी दर्ज कराएंगे।

मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था- अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया में आए हुए उम्मीदवारों को दैनिक दिनचर्या में किसी प्रकार का व्यवधान न हो इसके लिए मोबाइल टॉयलेट के माध्यम से बेहतर प्रबंधन करने का प्रयास किया गया है। मोबाइल टॉयलेट में संबंधित अधिकारियों को पर्याप्त पानी एवं साफ-सफाई की उचित व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन द्वारा निर्देश दिए गए।

स्क्रीनिंग सेक्शन- गाइड लाइन के अनुरूप उम्मीदवारों के दस्तावेज से लेकर शारीरिक परीक्षण के लिए स्थल पर अलग-अलग स्क्रीनिंग सेक्शन रखे गए हैं। ताकि उम्मीदवार क्रमवार प्रक्रिया को अपनाकर सुगम तरीके से भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो सके।

अग्निशमन दल भी रहेगा उपस्थित- किसी अनहोनी की स्थिति में आग से निपटने के लिए भी जिला प्रशासन द्वारा स्थल को तैयार किया गया है। जिसके लिए अग्निशमन दल को अग्निशामक गाड़ी और यंत्र के साथ मौके पर मौजूद रहेगी।

भोजन के लिए 53 रसोइयों का प्रबंध- अग्निवीर भर्ती में आने वाली लगभग 70 हजार उम्मीदवारों की भोजन व्यवस्था के लिए जिला प्रशासन ने विभिन्न विद्यालयों के लगभग 53 रसोइयों की ड्यूटी भोजन व्यवस्था स्थल पर लगाई है ताकि उम्मीदवारों को समय सीमा में भोजन उपलब्ध कराया जा सके।

कलेक्टर पुष्पेन्द्र कुमार मीणा ने अग्निवीर भर्ती रैली स्थल का निरीक्षण भी किया जहां उन्होंने भर्ती प्रक्रिया में भाग लेने वाले युवाओं के प्रबंधन के संबंध में संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य, पानी, साफ-सफाई, युवाओं के रहने की व्यवस्था व भोजन से संबंधित प्रबंधन में कोई कमी न हो इस संबंध में संबंधित अधिकारी को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया। उन्होंने भर्ती स्थल में युवाओं को ज्यादा से ज्यादा सुविधा मुहैया कराने के लिए इंटरनेट सुविधा के साथ कम्प्यूटर की व्यवस्था, नोटरी, फोटोकॉपी, आधार कार्ड व अन्य पहचान पत्रों और वांछित दस्तावेजों के लिए भी सुविधा उपलब्ध कराने के लिए उपस्थित संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। कलेक्टर ने अपने स्पष्ट शब्दों में युवाओं को सलाह दी है कि भर्ती प्रक्रिया उम्मीदवारों के योग्यता पर निर्भर है, इसे लेकर वो भ्रमित न हो। किसी भी दुविधा की स्थिति में वो दिए गए कंट्रोल रूम नंबर व उपलब्ध कराए गए अन्य नंबर में संपर्क कर सकते हैं। इस दौरान दुर्ग पुलिस अधीक्षक डॉ अभिषेक पल्लव, डिप्टी कलेक्टर जागेश्वर कौशल, कर्नल आर. रमेश, रोजगार अधिकारी आर के कुर्रे उपस्थित थे।

अग्निवीर भर्ती हेतु गाइडलाइन व सुझाव
अग्निवीर भर्ती में सम्मिलित होने वाले अभ्यार्थियों के लिए गाइड लाईन्स एवं सुझाव
-अच्छी गुणवत्ता वाले कागज पर लेजर प्रिंटर से मुद्रित प्रवेश पत्र (आकार छोटा न करें) लेकर आएं।
-पासपोर्ट आकार की रंगीन तस्वीरों की 15 प्रतियां, सफेद पृष्ठभूमि में और तीन महीने से अधिक पुरानी नहीं हो (फोटो के नीचे मुद्रित तिथियां)।

-शिक्षा प्रमाण पत्र
(ए) मैट्रिक, इंटरमीडिएट, 10$2 अथवा स्नातक प्रमाण पत्र और मूल में अंक पत्र (किसी मान्यता प्राप्त स्कूल, कॉलेज, बोर्ड अथवा विश्वविद्यालय से)।
(बी) ओपन स्कूल मैट्रिक प्रमाण पत्र जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा प्रतिहस्ताक्षरित स्थानांतरण प्रमाण पत्र अथवा स्कूल छोड़ने का प्रमाण पत्र लाएं।
(सी) 8 वीं कक्षा की मूल मार्कशीट और स्थानांतरण प्रमाण पत्र अथवा स्कूल छोड़ने का प्रमाण पत्र स्कूल के प्रधानाचार्य के हस्ताक्षर और कार्यालय की मुहर के साथ और जिला शिक्षा अधिकारी अथवा स्कूल के जिला निरीक्षक द्वारा प्रति हस्ताक्षरित।
-आईटीआई सर्टिफिकेट (तकनीकी श्रेणी के लिए) एनएसक्यूएफ स्तर 4 या उससे ऊपर के साथ आवश्यक क्षेत्र में न्यूनतम एक वर्ष का आईटीआई पाठ्यक्रम।

-हलफनामा (सभी उम्मीदवारों के लिए)
(ए) 10 रूपए गैर-न्यायिक स्टाम्प पेपर पर उम्मीदवार द्वारा विधिवत हस्ताक्षरित और नोटरी द्वारा विधिवत रूप से सत्यापित।
(बी) उम्मीदवारों को शपथ पत्र के बिना रैली मैदान में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
-तहसीलदार अथवा जिला मजिस्ट्रेट द्वारा जारी ऑनलाइन नेटिविटी अथवा डोमिसाइल सर्टिफिकेट।
-ऑनलाइन जाति प्रमाण पत्र, अधिकृत राज्य हस्ताक्षरकर्ता अर्थात डीएम व तहसीलदार अथवा राजस्व विभाग अधिकारी द्वारा जारी जाति प्रमाण पत्र मूल (अनिवार्य अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए) ।
-धार्मिक प्रमाण पत्र यदि जाति प्रमाण पत्र में सिख, हिंदू, मुस्लिम एवं ईसाई के रूप में धर्म का उल्लेख नहीं है, तो धर्म को दर्शाने वाला एक सामान्य शपथ पत्र प्रस्तुत किया जाएगा।
-चरित्र प्रमाण पत्र (फोटो चिपका हुआ) कार्यालय की मुहर के साथ और ग्राम सरपंच अथवा नगर निगम महापौर द्वारा हस्ताक्षरित (6 महीने से अधिक पुराना नहीं)।
-पुलिस थाना प्रभारी द्वारा जारी किए गए फोटो के साथ पुलिस चरित्र प्रमाण पत्र जो प्रेषण की तारीख से 6 महीने से अधिक पुराना नहीं हो।
-ग्राम सरपंच अथवा नगर पालिका महापौर द्वारा जारी किया गया अविवाहित प्रमाण पत्र जो पिछले छह महीनों के भीतर जारी किया गया हो।
आधार कार्ड, पैन खाता
(ए) मूल आधार कार्ड साथ रखा जाएगा और एक प्रति जमा की जाएगी। आधार सत्यापन के लिए आधार कार्ड से जुड़ा मोबाइल नंबर ले जाना होगा।
(बी) नामांकन के लिए पैन कार्ड और एकल बैंक बचत खाता आवश्यक है।

-बोनस अंक प्रमाण पत्र
-सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त खेल प्राधिकरण से प्राप्त खेल प्रमाण पत्र जो पिछले दो वर्षों के भीतर जारी किया गया हो।
-एनसीसी प्रमाण पत्र
(ए) एनसीसी ए, बी अथवा सी प्रमाण पत्र और गणतंत्र दिवस परेड प्रमाण पत्र रैली स्थल पर मूल रूप से प्रस्तुत किया जाना चाहिए जिसमें जारीकर्ता प्राधिकारी द्वारा विधिवत सत्यापित उम्मीदवार की तस्वीरें होनी चाहिए।
संबंधित अभिलेख कार्यालय से संबंध प्रमाण पत्र और वाटर मार्क के साथ (केवल सेवारत या भूतपूर्व सैनिक संबंध के लिए)।

विविध प्रमाण पत्र
-कोविड 19 टीकाकरण प्रमाणपत्र
-उम्मीदवार और माता-पिता या अभिभावक द्वारा हस्ताक्षरित क्षतिपूर्ति बांड
-मूल ड्राइविंग लाइसेंस जो संबंधित जिले के आरटीओ द्वारा जारी किया गया हो।
-केवल आदिवासी समुदायों अथवा क्षेत्रों के उम्मीदवारों के लिए टैटू प्रमाण पत्र की अनुमति है।
-शारीरिक परीक्षण के दौरान प्रदर्शन बढ़ाने वाली दवाओं या अन्य किसी दवा का प्रयोग प्रतिबंधित हैं। रैली के दौरान किसी भी समय स्टाफ द्वारा आपके सामान, बैग अथवा सामग्री की जांच की जा सकती है एवं इसका उपयोग करने वाले उम्मीदवारों को आगे की स्क्रीनिंग से वंचित कर दिया जाएगा।
-दौड़ या अन्य शारीरिक परीक्षण के दौरान नशीले पदार्थों के सेवन के कारण किसी भी प्रकार की दुर्घटना के लिए सेना जिम्मेदार नहीं होगी।

Related Posts