पीटी उषा भारतीय ओलंपिक संघ की पहली महिला अध्यक्ष होंगी, भारतीय ओलंपिक संघ का चुनाव 10 दिसंबर को होना है, लेकिन पीटी उषा इस पद के लिए एकमात्र उम्मीदवार हैं…
नईदिल्ली (ए)। पीटी उषा का भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) का अध्यक्ष बनना तकरीबन तय हो गया है. दरअसल, भारतीय ओलंपिक संघ का चुनाव 10 दिसंबर को होना है, लेकिन पीटी उषा इस पद के लिए एकमात्र उम्मीदवार हैं. वह भारतीय ओलंपिक संघ की पहली महिला अध्यक्ष होंगी।
कई एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता 58 साल की उषा 1984 के ओलंपिक 400 मीटर बाधा दौड़ के फाइनल में चौथे स्थान पर रहीं थी. इससे पहले उन्होंने रविवार को शीर्ष पद के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया. इसके अलावा उनके साथ उनकी टीम के 14 अन्य लोगों ने विभिन्न पदों के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया।
नामांकन पत्र दाखिल करने की समय सीमा समाप्त: दरअसल, आईओए चुनावों के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की समय सीमा रविवार को समाप्त हो गई है. आईओए के चुनाव अधिकारी उमेश सिन्हा को शुक्रवार और शनिवार को कोई नामांकन नहीं मिला लेकिन रविवार को विभिन्न पदों के लिए 24 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किये. इन चुनावों में उपाध्यक्ष (महिला), संयुक्त सचिव (महिला) के पद के लिए मुकाबला होगा। कार्यकारिणी परिषद के चार सदस्यों के लिए 12 प्रत्याशी मैदान में है।
इन पदों के लिए होना है चुनाव:;गौरतलब है कि आईओए में एक अध्यक्ष, एक वरिष्ठ उपाध्यक्ष, दो उपाध्यक्ष (एक पुरुष और एक महिला), एक कोषाध्यक्ष, दो संयुक्त सचिव (एक पुरुष और एक महिला), छह अन्य कार्यकारी परिषद सदस्यों के चुनाव के लिए होंगे. जिनमें से दो (एक पुरुष और एक महिला) निर्वाचित ‘एसओएम’ से होंगे. कार्यकारी परिषद के दो सदस्य (एक पुरुष और एक महिला) एथलीट आयोग के प्रतिनिधि होंगे।















