जय शाह ने रविवार को बताया अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम का नाम आईपीएल फाइनल 2022 के दौरान सर्वाधिक दर्शकों की उपस्थिति के लिए गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल हो गया है. इस स्टेडियम में 29 मई 2022 को आईपीएल फाइनल के दौरान 101,566 दर्शक उपस्थित थे…
नईदिल्ली (ए)। क्रिकेट में रोजाना कई रिकॉर्ड बन रहे हैं, तो कई टूट भी रहे हैं. लेकिन इस बीच बीसीसीआई ने एक ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है, जो गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल हो गया है। यह रिकॉर्ड टी20 मैच में स्टेडियम में दर्शकों की मौजूदगी का बना है।
दरअसल बीसीसीआई ने जो गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया है, वह अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गये टी20 मैच के दौरान बनी. भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव जय शाह ने रविवार को बताया अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम का नाम आईपीएल फाइनल 2022 के दौरान सर्वाधिक दर्शकों की उपस्थिति के लिए गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल हो गया है. इस स्टेडियम में 29 मई 2022 को आईपीएल फाइनल के दौरान 101,566 दर्शक उपस्थित थे।
नरेंद्र मोदी स्टेडियम को पहले गुजरात क्रिकेट संघ (जीसीए) स्टेडियम मोटेरा के नाम से जाना जाता था. इसकी क्षमता 110,000 दर्शकों की है जो कि मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) से लगभग 10,000 अधिक है. एमसीजी की क्षमता 100,024 दर्शकों की है।
सचिव जय शाह ने ट्वीट किया, मुझे गर्व और खुशी है कि जीसीए मोटेरा के भव्य नरेंद्र मोदी स्टेडियम को किसी एक टी20 मैच में सर्वाधिक दर्शकों की उपस्थिति के लिए गिनीज बुक रिकॉर्ड में शामिल किया गया है. उन्होंने आगे लिखा, इसे संभव बनाने के लिए हमारे प्रशंसकों का बहुत-बहुत आभार।















