भिलाई 3। नगर पालिक निगम भिलाई- चरोदा क्षेत्र में चल रही योजनाओं की समीक्षा निगम आयुक्त अजय त्रिपाठी द्वारा की गयी। जिसमें राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन तथा प्रधानमंत्री आवास योजना प्रमुख रूप से शामिल रहे। प्रधानमंत्री आवास योजना के दोनों ही घटकों (BLC) मोर जमीन मोर मकान तथा (AHP) मोर मकान मोर चिन्हारी के प्रगति और परिणाम की जानकारी प्राप्त करने के उपरांत आयुक्त द्वारा इस प्रकार निर्देशित किया गया। जिसमें (BLC) मोर जमीन मोर मकान के प्रत्येक निर्माणाधीन मकान को 31/12/2022 तक पूर्ण किया जाना है तथा (AHP) मोर मकान मोर चिन्हारी के लाभार्थियों से किस्तो की पूर्ण वसूली की जानी है।
राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन योजना की समीक्षा के दौरान आयुक्त ने गौठानों में विविध कार्य जैसे फिनायल, कंडे तथा वाशिंग पावडर बनाने इत्यादि पर मार्गदर्शन एवं सुझाव भी प्रदान किये। उन्होने राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन योजना में पात्र व्यक्तियों को बैंको से ऋण दिलाने, समूहों को बैंक लिंकेज एवं ग्रुप लोन के माध्यम से सक्षम बनाने तथा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजांतर्गत पात्र चिन्हाकिंत शहरी पथ विक्रेताओं को लाभान्वित करने निर्देशित किया।
इस दौरान निगम के अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य राजस्व वसूली की भी समीक्षा करते हुये आयुक्त द्वारा वसूली कार्य तेज करने, पुराने बकायादारों को नोटिस देते हुये समय सीमा के बाद भी ना मानने वाले पुराने बकायादारों के खिलाफ कुर्की आदेश जारी करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को प्रदान किये है। यह जानकारी निगम जनसंपर्क विभाग से विकास चन्द्र त्रिपाठी द्वारा प्रदान की गयी।















