ये सत्र पुराने संसद भवन में आयोजित होने की संभावना है, क्योंकि नए भवन का निर्माण साल के अंत तक खिंच सकता है…
नईदिल्ली (ए)। संसद के शीतकालीन सत्र का औपचारिक ऐलान कर दिया गया है. सत्र 7 दिसम्बर से शुरू होगा और 29 दिसंबर तक चलेगा. राष्ट्रपति की अनुमति के बाद लोकसभा और राज्य सभा ने अलग-अलग अधिसूचनाएं जारी करके तारीखें अधिसूचित कर दी हैं. लोकसभा सचिवालय के बयान के अनुसार, 17वीं लोकसभा का 10वां सत्र सात दिसंबर से शुरू होगा और सरकारी कामकाज के अनुरूप यह 29 दिसंबर को समाप्त हो सकता है।
सत्र पुराने संसद भवन में आयोजित होने की संभावना है, क्योंकि नए भवन का निर्माण साल के अंत तक खिंच सकता है। दोनों सदनों द्वारा जारी समान अधिसूचनाओं में कहा गया है, सरकारी कामकाज की अनिवार्यताओं के अधीन, बृहस्पतिवार 29 दिसंबर 2022 को सत्र समाप्त होने की संभावना है।
सत्र शुरू होने से पहले लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा के सभापति दोनों सदनों के सुचारू कामकाज के लिए आम सहमति बनाने के लिए सर्वदलीय बैठकें बुलाएंगे. इसके साथ ही सरकार संसद सत्र के लिए विधायी कार्य को अंतिम रूप देने के लिए भी सर्वदलीय बैठक बुलाएगी।
संसदीय कार्य मंत्री ने ट्वीट कर दी थी जानकारी: शीतकालीन सत्र आमतौर पर नवंबर के तीसरे सप्ताह में शुरू होता है और सत्र के दौरान करीब 20 बैठकें होती हैं, लेकिन ऐसे उदाहरण भी हैं जब 2017 और 2018 में सत्र का आयोजन दिसंबर में किया गया था. एक दिन पहले ही, संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने ट्वीट किया था, ‘‘संसद का शीतकालीन सत्र सात दिसंबर से 29 दिसंबर तक चलेगा. 23 दिनों के इस सत्र में 17 बैठकें होंगी।
जोशी ने अपने ट्वीट में कहा था कि आजादी के अमृतकाल में सत्र के दौरान विधायी कार्य सहित अन्य विषयों पर चर्चा को लेकर आशान्वित हूं. इसके साथ ही संसदीय कार्य मंत्री ने कहा था, ‘‘सार्थक चर्चा को लेकर आशान्वित हूं
गुजरात चुनाव के मतदान के बाद शुरू हो रहा सत्र: संसद के शीतकालीन सत्र का आयोजन हिमाचल प्रदेश और गुजरात विधानसभा चुनाव के लिये मतदान समाप्त होने के बाद हो रहा है. गुजरात में एक और पांच दिसंबर को विधानसभा चुनाव होंगे, जबकि हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिये मतदान 12 नवंबर को हो चुका है. गुजरात और हिमाचल प्रदेश दोनों ही राज्यों में मतगणना आठ दिसंबर को होगी।















