BREAKING

छत्तीसगढ़फीचर्ड

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज डोंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र में भेंट-मुलाकात के दौरान 46.56 करोड़ रूपए के 52 विकास कार्यों की देंगे सौगात

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज भेंट मुलाकात कार्यक्रम के अपने प्रवास के दौरान राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र को 46 करोड़ 56 लाख 44 हजार रूपए के 52 विकास कार्यों की सौगात देंगे। श्री बघेल इन कार्याें में 35 करोड़ 69 लाख 42 हजार रूपए के 44 विकास कार्य का भूमिपूजन एवं 10 करोड़ 87 लाख रूपए के 8 विकास कार्य का लोकार्पण करेंगे। श्री बघेल लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी खण्ड राजनांदगांव अंतर्गत 23 करोड़ 47 लाख 37 हजार रूपए के 27 कार्य, कार्यपालन अभियंता जल संसाधन संभाग राजनांदगांव अंतर्गत 7 करोड़ 3 लाख 19 हजार रूपए के 2 कार्य, कार्यपालन अभियंता ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग राजनांदगांव अंतर्गत 31 लाख 23 हजार रूप्ए के 2 कार्य, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी राजनांदगांव अंतर्गत 70 लाख रूपए के 1 कार्य, कार्यपालन अभियंता परियोजना क्रियान्वयन इकाई क्रमांक 1 राजनांदगांव अंतर्गत 4 करोड़ 40 हजार रूपए के 11 कार्य एवं जनपद पंचायत डोंगरगढ़ अंतर्गत 17 लाख 23 हजार रूपए के 1 कार्य  का भूमिपूजन करेंगे।

इसी तरह मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी राजनांदगांव अंतर्गत 99 लाख 28 हजार रूपए के 2 कार्य, कार्यपालन अभियंता ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग राजनांदगांव अंतर्गत 6 लाख 61 हजार रूपए अंतर्गत 1 कार्य, मुख्य नगर पालिका अधिकारी नगर पालिका परिषद डोंगरगढ़ अंतर्गत 11 लाख रूपए के 1 कार्य, मुख्य नगर पालिका अधिकारी नगर पालिका परिषद डोंगरगढ़ अंतर्गत 15 लाख 35 हजार रूपए के 1 कार्य, जनपद पंचायत डोंगरगढ़ अंतर्गत 5 लाख 20 हजार रूपए अंतर्गत 1 कार्य एवं कार्यपालन अभियंता सेतु निर्माण लोक निर्माण विभाग दुर्ग अंतर्गत 9 करोड़ 49 लाख 58 हजार रूपए के 2 कार्य का लोकार्पण करेंगे।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल डोंगरगढ़ विधानसभा में भेंट मुलाकात कार्यक्रम के दौरान ग्राम घुमका एवं बेलगांव में विभिन्न विभागीय योजनांतर्गत 71 हितग्राहियों को 8 लाख 69 हजार 328 रूपए की सामग्री का वितरण करेंगे। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल भेंट मुलाकात कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजना के अंतर्गत ग्राम घुमका में 4 लाख 7 हजार 200 रूपए का सामग्री एवं ग्राम बेलगांव में 4 लाख 62 हजार 128 रूपए का सामग्री वितरण करेंगे। ग्राम घुमका में महिला बाल विकास विभाग के 12 हितग्राहियों को 60 हजार रूपए की सामग्री, मछली पालन विभाग के 5 हितग्राहियों को 42 हजार रूपए की सामग्री, कृषि विभाग के 15 हितग्राहियों को 53 हजार 200 रूपए की सामग्री, समाज कल्याण विभाग के 2 हितग्राही को 52 हजार रूपए की ट्रायसायकल एवं श्रम विभाग के 6 हितग्राहियों को 2 लाख रूपए का चेक वितरण करेंगे।

इसी तरह मुख्यमंत्री श्री बघेल ग्राम बेलगांव में महिला बाल विकास विभाग के 18 हितग्राहियों को 75 हजार रूपए की सामग्री, मछली पालन विभाग के 2 हितग्राहियों को 20 हजार रूपए की सामग्री, कृषि विभाग के 5 हितग्राहियों को मसूर बीज मिनीकिट का वितरण, समाज कल्याण विभाग के 2 हितग्राहियों को 52 हजार रूपए की ट्रायसायकल, श्रम विभाग के 4 हितग्राहियों को 80 हजार रूपए का चेक, शिक्षा विभाग के 57 हितग्राहियों को 2 लाख 35 हजार 182 रूपए के निःशुल्क सरस्वती सायकल वितरण करेंगे।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने प्रदेशव्यापी भेंट-मुलाकात अभियान की अगली कड़ी में आज 15 नवम्बर को राजनांदगांव जिला के डोंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र में भेंट-मुलाकात के लिए पहुंचेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री श्री बघेल आमजनों संपर्क और संवाद के साथ भेंट-मुलाकात करते हुए शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी लेंगे। वहीं आमजनता की समस्याओं पर उनसे सीधे बातचीत करेंगे साथ ही विभिन्न संगठनों से भी मुलाकात कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को जानेंगे। गौरतलब है कि भेंट-मुलाकात कार्यक्रम में आमजनता को प्रदेश के मुखिया से सीधे बात-चीत करने का अवसर मिलता है।

मुख्यमंत्री 15 नवम्बर को हेलीकॉप्टर द्वारा रायपुर पुलिस ग्राउंड हेलीपेड से सुबह 11.40 बजे राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम घुमका शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला मैदान के लिए प्रस्थान करेंगे। दोपहर 12.05 बजे से ग्राम घुमका में मुख्यमंत्री का भेंट-मुलाकात कार्यक्रम प्रारंभ होगा। फिर दोपहर 2.05 बजे ग्राम घुमका से हेलीकॉप्टर द्वारा प्रस्थान कर दोपहर 2.20 बजे ग्राम बेलगांव के माड़ीतराई गौठान पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री का ग्राम बेलगांव में दोपहर 3 बजे से भेंट-मुलाकात कार्यक्रम शुरू होगा। मुख्यमंत्री श्री बघेल ग्राम बेलगांव से शाम 4.35 बजे प्रस्थान कर शाम 4.45 बजे डोंगरगढ़ पहुंचेंगे, जहां वे शाम 6 बजे से विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों से भेंट करेंगे। मुख्यमंत्री डोंगरगढ़ में ही रात्रि विश्राम करेंगे।

Related Posts