स्वयं को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में पदस्थ होने का झांसा देकर दिया था घटना को अंजाम, आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 01 नग मोबाइल किया गया है जप्त…
रायपुर। दिनांक 19.09.22 को प्रार्थी सुरेन्द्र हरपाल पिता रनमल हरपाल उम्र 45 साल पता मधु पिल्ले चौक, शांति नगर रायपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराया कि विपिन अग्रवाल के द्वारा स्वयं को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में पदस्थ होना तथा उसकी जान पहचान विभिन्न सरकारी विभागों में होना बताकर प्रार्थी से शिक्षा विभाग में सरकारी नौकरी लगाने के नाम पर छलपूर्वक अलग अलग किश्तों में कुल 11 लाख 50 हजार रूपये लेकर धोखाधड़ी किया गया है।
प्रार्थी के रिपोर्ट पर थाना सिविल लाईन, रायपुर में अपराध क्रमांक 590/22 धारा 420,467,471 भादवि. पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। प्रकरण के आरोपी विपिन अग्रवाल रिपोर्ट दिनांक से लगातार फरार चल रहा था जिसकी पता तलाश की जा रही थी।
इसी क्रम में सायबर सेल से प्राप्त जानकारी एवं मुखबीर से प्राप्त सूचना के आधार पर आरोपी विपिन अग्रवाल का लोकेशन गोवा में होना ज्ञात होने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायपुर प्रशांत अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, शहर रायपुर अभिषेक माहेश्वरी एवं नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाईन वीरेन्द्र चतुर्वेदी के निर्देशन में थाना प्रभारी थाना सिविल लाईन के नेतृत्व में थाना सिविल लाईन की पुलिस टीम द्वारा रेड कार्यवाही कर आरोपी विपिन अग्रवाल को गिरफ्तार किया गया।
जिससे पूछताछ करने पर आरोपी द्वारा घटना को कारित करना स्वीकार करते हुए प्राप्त रकम को गोवा घुमने एवं मोबाइल खरीदने खर्च करना बताया। प्रकरण में आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 01 नग मोबाइल जप्त कर अग्रिम कार्यवाही किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी: विपिन कुमार अग्रवाल पिता स्व. अशोक कुमार अग्रवाल उम्र 28 साल पता ग्राम बगीचा जिला जशपुर।















