BREAKING

देश-दुनियाफीचर्डविविध

टी20 विश्वकप के फाइनल में पहुंचा पाकिस्तान: बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान ने रचा इतिहास; फैन्स को भारत- पाक फाइनल होने की उम्मीद

आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2022 में पाकिस्तान के बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान ने इतिहास रच डाला है। दोनों ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी निभाई, जो टी20 वर्ल्ड कप का रिकॉर्ड बन गया…

नईदिल्ली (ए)। आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में पहली बार किसी जोड़ी ने तीन बार शतकीय साझेदारी निभाई है। आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2022 के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम और विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान ने पहले विकेट के लिए 105 रन जोड़े, जो टी20 वर्ल्ड कप में इस जोड़ी की तीसरी शतकीय साझेदारी है। इससे पहले दोनों टी20 वर्ल्ड कप 2021 में दो बार ऐसा कर चुके हैं, एक बार भारत के खिलाफ और दूसरी बार नामीबिया के खिलाफ। इस तरह से इस जोड़ी ने एडम गिलक्रिस्ट- मैथ्यू हेडन और कुमार संगकारा-महेला जयवर्धने की जोड़ी को पीछे छोड़ दिया है।

गिलक्रिस्ट-हेडन और संगकारा-जयवर्धने की जोड़ी दो-दो बार टी20 वर्ल्ड कप में शतकीय साझेदारी निभा चुकी है। आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2022 में सुपर-12 राउंड में बाबर और रिजवान की जोड़ी कोई खास कमाल नहीं दिखा पाई थी। ऐसे में दोनों की जोड़ी आलोचकों के निशाने पर भी थी। पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर वकार यूनिस और वसीम अकरम जैसे दिग्गज भी कह चुके थे कि इन दोनों को सेमीफाइनल या फाइनल में पारी का आगाज साथ में नहीं करना चाहिए।

पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम का बल्ला पूरे टूर्नामेंट में शांत रहा, लेकिन सेमीफाइनल में उन्होंने फॉर्म में वापसी करते हुए पचासा ठोका। रिजवान ने भी अर्धशतक ठोका। बाबर 53 जबकि रिजवान 57 रन बनाकर आउट हुए। न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में चार विकेट पर 152 रन बनाए थे, जवाब में पाकिस्तान ने 19.1 ओवर में ही तीन विकेट गंवाकर 153 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। पाकिस्तान इस तरह से टी20 वर्ल्ड कप 2022 के फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है।

टी20 वर्ल्ड कप 2022 के पहले सेमीफाइनल में पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। भारत और पाकिस्तान के सेमीफाइनल में पहुंचने के बाद से ही फैंस उम्मीद कर रहे थे कि इन दोनों टीमों के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। पाकिस्तान ने तो न्यूजीलैंड को चित कर अपना काम कर दिया है, अब भारत की बारी है। टीम इंडिया गुरुवार को एडिलेड में इंग्लैंड के खिलाफ दूसरा सेमीफाइनल खेलने उतरेगी। अगर यहां रोहित शर्मा की टीम जीत दर्ज करने में कामयाब रहती है तो टी20 वर्ल्ड कप में 2007 के बाद पहली बार फैंस को भारत और पाकिस्तान के बीच फाइनल मैच देखने को मिलेगा। बता दें, भारत ने टी20 वर्ल्ड कप का पहला खिताब 2007 में पाकिस्तान को हराकर जीता था।

पाकिस्तान के लिए ये टी20 वर्ल्ड कप अभी तक रोलर कोस्टर राइड की तरह रहा है। भारत और जिम्बाब्वे के खिलाफ टूर्नामेंट के शुरुआती दो मैच हारकर यह टीम वर्ल्ड कप से बाहर होने की कगार पर खड़ी थी। मगर आखिरी तीन मैचों में पाकिस्तान ने जीत दर्ज की और सुपर-12 के आखिरी दिन उन्हें नीदरलैंड्स का साथ मिला। नीदरलैंड्स ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ बड़ा उलटफेर कर पाकिस्तान के लिए सेमीफाइनल के दरवाजे खोल दिए। किस्मत के साथ के साथ नॉक आउट में पहुंचने वाली इस टीम ने सेमीफाइनल में अपनी मेहनत के दम पर जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई।

Related Posts