BREAKING

देश-दुनियाफीचर्डविविध

भारत ने जिम्बाब्वे को हराकर 71 रनो से हराकर प्वाइंट्स टेबल में पहुंची टॉप पर: सूर्यकुमार यादव ने तूफानी पारी खेल रचा इतिहास, सुनील गावस्कर और सचिन तेंदुलकर के क्लब में हुए शामिल

इस साल सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में भी सूर्यकुमार यादव टॉप पर हैं, उनके पीछे मोहम्मद रिजवान 924 रनों के साथ मौजूद हैं, वहीं इस सूची में तीसरे पायदान पर किंग कोहली 731 रनों के साथ हैं…

नईदिल्ली (ए)। रोहित शर्मा की अगुवाई वाली टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2022 के सुपर-12 के अपने आखिरी मुकाबले में जिम्बाब्वे को 71 रनों से धूल चटाई। इस जीत के साथ भारत ने ग्रुप-2 की प्वाइंट्स टेबल में 8 अंकों के साथ टॉप किया है। भारत की अब सेमीफाइनल में भिड़ंत जोस बटलर की इंग्लैंड से 10 नवंबर को एडिलेड ओवल में होगी। जिम्बाब्वे के खिलाफ टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए केएल राहुल और सूर्यकुमार यादव के अर्धशतक के दम पर बोर्ड पर 186 रन लगाए थे। इस स्कोर के सामने जिम्बाब्वे की पूरी टीम 115 रनों पर ढेर हो गई।

ग्रुप-2 से भारत के अलावा पाकिस्तान ने 6 प्वाइंट्स के साथ सेमीफाइनल में प्रवेश किया है। भारतीय टीम जहां 10 नवंबर को सेमीफाइनल में इंग्लैंड से भिड़ेगी, वहीं पाकिस्तान का सामना 9 नवंबर को केन विलियमसन की अगुवाई वाली न्यूजीलैंड से होगी। बता दें, टी20 वर्ल्ड कप 2022 का फाइनल मैच 13 नवंबर को मेलबर्न में खेला जाना है।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने जिम्बाब्वे के सामने जीत के लिए 187 रनों का लक्ष्य रखा है। भारत के लिए केएल राहुल के बाद सूर्यकुमार यादव ने तूफानी अर्धशतक जड़ा। राहुल ने जहां 35 गेंदों पर 51 रन बनाए, वहीं सूर्या ने 25 गेंदों पर 61 रनों की नाबाद पारी खेली। मिडिल ओवर में राहुल और कोहली का विकेट गिरने के बाद जरूर भारत के रनों की रफ्तार थम गई थी, मगर सूर्या ने आखिरी 5 ओवर में इसकी भरपाई की। भारत ने आखिरी 30 गेंदों पर 79 रन बटोरे जिस वजह से टीम 186 के स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रही।

187 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की शुरुआत अच्छी नहीं रही, भुवनेश्वर कुमार ने पारी की पहली गेंद पर वेस्ली मधेवेरे को आउट कर पवेलियन का रास्ता दिखाया। विराट कोहली ने कवर्स की दिशा में वेस्ली मधेवेरे का शानदार कैच पकड़ा। इसके बाद दूसरे ही ओवर में अर्शदीप सिंह ने रेजिस चकाब्वा को बोल्ड किया। पावरप्ले में जिम्बाब्वे की टीम संभलने की कोशिश कर ही रही थी कि मोहम्मद शमी ने सीन विलियम्स को आउट कर भारत को तीसरी सफलता दिलाई। जिम्बाब्वे के लिए सिकंदर रजा और रयान बर्ल ने 6ठें विकेट के लिए 60 रन की साझेदारी कर जरूर टीम को कुछ देर संभाला मगर इनके विकेट गिरने के बाद जिम्बाब्वे 115 रनों पर ही सिमट गई। अश्विन को इस दौरान सबसे अधिक तीन विकेट मिले, वहीं शमी और हार्दिक के खाते में 2-2 विकेट आईं।

सूर्यकुमार यादव ने जिम्बाब्वे के खिलाफ तूफानी पारी खेल रचा इतिहास, सुनील गावस्कर और सचिन तेंदुलकर के क्लब में हुए शामिल

टी20 वर्ल्ड कप 2022 में सूर्यकुमार यादव का बल्ला खूब धमाल मचा रहा है। जिम्बाब्वे के खिलाफ सुपर-12 के आखिरी मैच में सूर्या ने 25 गेंदों पर 6 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 61 रनों की नाबाद पारी खेली। इस तूफानी पारी के दम पर वह साल 2022 में T20I क्रिकेट में 1000 रन पूरा करने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। जी हां, उनसे पहले कोई भारतीय बल्लेबाज इस मुकाम तक नहीं पहुंच पाया था। वहीं बात वर्ल्ड क्रिकेट की करें तो सूर्या एक कैलेंडर ईयर में 1000 T20I रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज बने हैं। पिछले साल पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान ने सबसे पहले यह कारनामा किया था।

इस साल सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में भी सूर्यकुमार यादव टॉप पर हैं, उनके पीछे मोहम्मद रिजवान 924 रनों के साथ मौजूद हैं। वहीं इस सूची में तीसरे पायदान पर किंग कोहली 731 रनों के साथ हैं।

इस कारनामे के साथ सूर्यकुमार ने अपना नाम क्रिकेट लीजेंड सुनील गावस्कर और सचिन तेंदुलकर के साथ जोड़ लिया है। टेस्ट क्रिकेट में जहां सुनील गावस्कर ने 1976 में सबसे पहले एक साल में 1000 रन जड़े थे, वहीं वनडे क्रिकेट में 1994 में यह कारनामा सचिन तेंदुलकर ने किया था। साल 2022 में टी20 क्रिकेट में सूर्यकुमार यादव ने पहली बार भारत के लिए इस मुकाम तक पहुंचकर इस खास सूची में अपनी जगह बना ली है।

बात मुकाबले की करें तो जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2022 सुपर-12 के अपने आखिरी मैच में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 187 रनों का लक्ष्य रखा है। भारत के लिए केएल राहुल के बाद सूर्यकुमार यादव ने तूफानी अर्धशतक जड़ा। राहुल ने जहां 35 गेंदों पर 51 रन बनाए, वहीं सूर्या ने 25 गेंदों पर 61 रनों की नाबाद पारी खेली। मिडिल ओवर में राहुल और कोहली का विकेट गिरने के बाद जरूर भारत के रनों की रफ्तार कम हुई थी, मगर सूर्या ने आखिरी 5 ओवर में इसकी भरपाई की। भारत ने आखिरी 30 गेंदों पर 79 रन बटोरे।

Related Posts