BREAKING

दुर्ग-भिलाई

भिलाई इस्पात संयंत्र ने दैनिक उत्पादन में बनाया रिकाॅर्ड: सेंट्रल विस्टा, बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट, राम मंदिर अयोध्या और बॉर्डर रोड ऑर्गनाइजेशन जैसे प्रतिष्ठित परियोजनाओं में भी निभा रहा महत्वपूर्ण भागीदारी

 

भिलाई इस्पात संयंत्र के बार एवं राॅड मिल ने निरन्तर उत्पादन करते हुए अक्टूबर 2022 में 78925 टन उत्पादन कर “सर्वश्रेष्ठ मासिक उत्पादन” का नया कीर्तिमान स्थापित किया। इसके पूर्व यह कीर्तिमान जुलाई, 2022 में 75212 टन दर्ज किया गया था। कीर्तिमानों की इस श्रृंखला में 31 अक्टूबर 2022 को प्रथम पाली में 1340 टन (642 बिलेट्स) का उत्पादन कर नया पाली कीर्तिमान भी बनाया। उल्लेखनीय है कि बीआरएम के उत्पाद देश के सेंट्रल विस्टा, बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट, राम मंदिर अयोध्या, बॉर्डर रोड ऑर्गनाइजेशन जैसे प्रतिष्ठित परियोजनाओं में महत्वपूर्ण भागीदारी निभा रहा है तथा इन उत्पादों को ग्राहकों की भरपूर सराहना भी प्राप्त हो रही है।

विभाग की इस सफलता पर भिलाई इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी अनिर्बान दासगुप्ता तथा कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) अंजनी कुमार ने शॉप फ्लोर पर पहुँच कर कार्मिकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि अनेक परेशानियों को पार करते हुए बीआरएम ने निर्बाध रूप से अनवरत उत्पादन किया है। बीआरएम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि यह उत्साहित टीम भविष्य में भी उत्पादन के नए कीर्तिमान स्थापित करने की दिशा में अग्रसर रहेगी।

विभागाध्यक्ष मुकेश गुप्ता ने इस उपलब्धि पर मिल बिरादरी को बधाई देते हुए अपने सारगर्भित संबोधन में कहा कि बीआरएम उत्पादन के साथ तकनीकी सूचकांक में भी समग्र रूप से बेहतर प्रदर्शन कर रहा है और अपने निष्पादन के स्तर को लगातार बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर महाप्रबंधकगण एस के बेहरा, के के ठाकुर, सच्चिदानंद त्रिपाठी, आशीष, समीर पांडे, शिखर तिवारी तथा वरिष्ठ अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में कर्मचारीगण उपस्थित थे।

यूनिवर्सल रेल मिल ने बनाया उत्पादन का नया कीर्तिमान: भिलाई इस्पात संयंत्र के यूनिवर्सल रेल मिल ने 03 नवम्बर 2022 उत्पादन से जुड़े दो कीर्तिमान बनाये । पहला कीर्तिमान वेल्डेड पैनल प्रोडक्शन में बनाया गया जहाँ 260 मीटर वेल्डेड पैनल में 180 नग का प्रोडक्शन कर दिनांक 01 नवंबर 2022 को बने पिछले रिकाॅर्ड 170 नग पैनलों के प्रोडक्शन को पीछे छोड़ा। यूआरएम ने इसके साथ ही 02 नवम्बर 2022 वेल्डिंग ज्वाइंट निरीक्षण के पिछले रिकाॅर्ड 227 नग को पारकर शाॅप्स ने नया कीर्तिमान बनाते हुए 245 नग रेल के वेल्डिंग ज्वाइंट निरीक्षण को पूर्ण किया।

इन सभी इंस्पेक्शन रिकॉर्ड के साथ संयंत्र ने प्रति शिफ्ट एक रेक का उत्पादन करने का आश्वासन दिया है जिसे भारतीय रेलवे को भेजा जाना है। यह यूआरएम में रेल उत्पादन में लगे यूआरएम, आरसीएल और अन्य संबद्ध विभागों द्वारा किए गए निरंतर प्रयास के कारण संभव हुआ।

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी अनिर्बान दासगुप्ता ने इस उपलब्धि पर टीम को बधाई दी। कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) अंजनी कुमार ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु यूआरएम और अन्य संबद्ध विभागों को बधाई दी। मुख्य महाप्रबंधक (यूआरएम) अनीश सेनगुप्ता ने महत्वपूर्ण उपलब्धि का श्रेय अपनी टीम और अन्य संबंधित विभागों को दिया। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए इंस्पेक्शन एजेंसी राइट्स को भी धन्यवाद दिया।

Related Posts