बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में अब बीच सड़क पर बर्थ-डे सेलिब्रेट करने और केक काटने पर थानेदार जिम्मेदार होंगे। आईजी रतनलाल डांगी ने ऐसे शरारती तत्वों के खिलाफ सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने रेंज के सभी एसपी को सोशल मीडिया में बंदूक, पिस्टल, तलवार और चाकू के साथ केक काटते हुए वीडियो वायरल करने वालों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के साथ ही अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर जेल भेजने के आदेश दिए हैं। इस तरह की गतिविधियां सामने आने पर संबंधित थानेदारों पर भी कार्रवाई की जाए।
सोशल मीडिया में युवाओं के बीच एक नया ट्रेंड शुरू हो गया है। शरारती तत्व और मनचले युवक सड़क पर जन्मदिन सेलिब्रेट कर हंगामा मचाते हैं और सोशल मीडिया में वीडियो वायरल करते हैं। यही नहीं बंदूक, पिस्टल, लेकर तलवार और चाकू से केक काटकर सोशल मीडिया में वीडियो वायरल करने का भी चलन तेजी से बढ़ रहा है। इस तरह से बदमाश युवक दहशतगर्दी फैलाते हैं।
आईजी डांगी हुए सख्त, सभी एसपी को जारी किया आदेश युवकों के इस तरह की हरकतों से आम लोगों को दिक्कतें होती है। कई बार सड़क जाम की स्थिति निर्मित हो जाती है और कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाता है। इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए आईजी रतनलाल डांगी अब सख्ती के मूड में आ गए हैं। उन्होंने सभी एसपी को आदेश जारी कर इस तरह की गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए कहा है। उन्होंने ऐसे लोगों पर आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं के तहत कार्रवाई करने और जेल भेजने के आदेश दिए हैं।
पुलिस पेट्रोलिंग कर रखें नजर, आम लोगों को न हो दिक्कत आईजी डांगी ने कहा कि इस तरह की शिकायतें लगातार मिल रही है। इससे पुलिस की नकारात्मक छवि सामने आ रही है। उन्होंने ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस को लगातार पेट्रोलिंग करने और चौक-चौराहों पर खड़े होने वाले मनचले और हुड़दंगियों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। शहर के किसी भी चौक पर भीड़ न लगे इसका खास ध्यान रखा जाए।
पुलिस अफसरों तक वीडियो पहुंचा तो थानेदारों पर गिरेगी गाज आईजी डांगी ने आदेश में यह भी स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर गन दिखाकर तलवार, चाकू से केक काटने का वीडियो वायरल हुआ और यह पुलिस तक पहुंचा तो सीधे संबंधित क्षेत्र के थानेदार को जिम्मेदार माना जाएगा और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया पर भी रखी जाएगी नजर आईजी डांगी ने पुलिस अफसरों को सोशल मीडिया पर नजर रखने की हिदायत दी है। उनके आदेश के बाद सभी जिलों के पुलिस अफसर और साइबर टीम लगातर सोशल मीडिया पर भी नजर रखेगी। सोशल मीडिया के किसी भी प्लेटफार्म पर इस तरह का वीडियो वायरल हुआ, तब ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।















