पाकिस्तान पर जीत के साथ टीम इंडिया ग्रुप 2 की प्वाइंट्स टेबल के टॉप पर है, वहीं ग्रुप 1 में न्यूजीलैंड का जलवा है, न्यूजीलैंड ने ओपनर मुकाबले में गत चैंपियन न्यूजीलैंड को 89 रनों से पटखनी दी थी…
नईदिल्ली (ए)। पाकिस्तान के खिलाफ महामुकाबले में विराट कोहली की अविश्वसनीय रन चेज के दम पर भारत ने जीत के साथ टी20 वर्ल्ड कप 2022 में आगाज किया। अपने पहले ही मुकाबले में टीम इंडिया ने चिर-प्रतिद्वंदी टीम पर 4 विकेट से दर्ज की। इस जीत के साथ भारत ने सुपर-12 की प्वाइंट्स टेबल में भी खाता खोल लिया है। टॉस जीतकर टीम इंडिया ने पहले गेंदबाजी चुनी थी। पाकिस्तान ने भारत के सामने जीत के लिए 160 रनों का लक्ष्य रखा था, इस स्कोर को कोहली के नाबाद अर्धशतक के दम पर टीम इंडिया ने आखिरी गेंद पर हासिल किया। इस जीत के साथ टीम इंडिया ग्रुप 2 की प्वाइंट्स टेबल के टॉप पर है, वहीं ग्रुप 1 में न्यूजीलैंड का जलवा है। न्यूजीलैंड ने ओपनर मुकाबले में गत चैंपियन न्यूजीलैंड को 89 रनों से पटखनी दी थी।
भारत से हार झेलने के बाद पाकिस्तान ग्रुप 2 की प्वाइंट्स टेबल में सबसे नीचे 6ठें पायदान पर है। वहीं ग्रुप 1 की बात करें तो न्यूजीलैंड के पीछे दूसरे और तीसरे नंबर पर क्रमश: श्रीलंका और इंग्लैंड की टीमें हैं। श्रीलंका ने आयरलैंड पर वहीं इंग्लैंड ने अफगानिस्तान पर जीत दर्ज कर टूर्नामेंट का आगाज किया।
अनुभवी भारतीय बैट्समैन विराट कोहली (Virat Kohli) ने रविवार को एमसीजी मैदान पर पाकिस्तान के खिलाफ 82 रनों की नाबाद और मैच विनिंग इनिंग खेली। उनकी इस पारी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला। इस पारी के दम पर विराट ने महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का एक बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया है। स्टार बल्लेबाज कोहली अब भारत के लिए वर्ल्ड कप (आईसीसी टूर्नामेंट्स) में सबसे ज्यादा बार 50 या उससे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम था और कोहली उनके साथ बराबरी पर थे। लेकिन विराट अब ‘क्रिकेट के भगवान’ से भी आगे निकल गए हैं।
विराट ने आईसीसी टूर्नामेंट्स में 24 बार किया 50 प्लस का स्कोर: वर्ल्ड कप में कोहली ने अब 24 बार 50 से उससे ज्यादा का बना दिया है। उनसे पहले सचिन तेंदुलकर ने 23 बार यह कारनामा किया था। आईसीसी टूर्नामेंट में तेंदुलकर के नाम कुल 7 शतक और 16 अर्धशतक हैं जबकि किंग कोहली के नाम 2 शतक और 22 हाफ सेंचूरी हैं। कोहली ने हालांकि वनडे और टी20आई में दोनों में ये रन बनाए हैं जबकि तेंदुलकर के ये आंकड़े केवल वनडे के हैं। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने 22 बार अब तक ऐसा किया है।
कोहली ने इस मामले में भी तेंदुलकर को पीछे छोड़ा: कोहली ने आईसीसी टूर्नामेंट्स में पाकिस्तान के खिलाफ सर्वाधिक प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड्स जीतने के मामले में भी सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ दिया है। पाकिस्तान के खिलाफ एक और प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीतने के साथ ही कोहली सचिन से आगे निकल गए हैं। पूर्व कप्तान कोहली का आईसीसी टूर्नामेंट्स में पाकिस्तान के खिलाफ यह चौथा प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड था जबकि तेंदुलकर ने अपने करियर में पाकिस्तान के खिलाफ तीन बार ही ये अवॉर्ड्स जीते हैं।
T20I क्रिकेट में पाकिस्तान के खिलाफ विराट कोहली का प्रदर्शन: किंग कोहली ने T20Is में पाकिस्तान के खिलाफ अब तक 10 पारियों में 81.33 की औसत और 124 के स्ट्राइक रेट से 488 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने पांच अर्धशतक जमाए हैं। कोहली ने इसमें 48 चौके और 11 छक्के लगाए हैं। पाकिस्तान के खिलाफ पिछली 10 टी20 पारियों में विराट ने 78*, 9, 27, 36*, 49, 55*, 57, 35, 60, 82* रन बनाए हैं।
देखें सुपर 12 की लेटेस्ट प्वाइंट्स टेबल-
| टीम | मैच | जीत | हार | टाई | नो रिजल्ट | प्वाइंट्स | नेट रन रेट |
|---|---|---|---|---|---|---|---|
| भारत | 1 | 1 | 0 | 0 | 0 | 2 | +0.050 |
| बांग्लादेश | – | – | – | – | – | – | – |
| साउथ अफ्रीका | – | – | – | – | – | – | – |
| नीदरलैंड्स | – | – | – | – | – | – | – |
| जिम्बाब्वे | – | – | – | – | – | – | – |
| पाकिस्तान | 1 | 0 | 1 | 0 | 0 | 0 | -0.050 |
| टीम | मैच | जीत | हार | टाई | नो रिजल्ट | प्वाइंट्स | नेट रन रेट |
|---|---|---|---|---|---|---|---|
| न्यूजीलैंड | 1 | 1 | 0 | 0 | 0 | 2 | +4.450 |
| श्रीलंका | 1 | 1 | 0 | 0 | 0 | 2 | +2.467 |
| इंग्लैंड | 1 | 1 | 0 | 0 | 0 | 2 | +0.620 |
| अफगानिस्तान | 1 | 0 | 1 | 0 | 0 | 0 | -0.620 |
| आयरलैंड | 1 | 0 | 1 | 0 | 0 | 0 | -2.467 |
| ऑस्ट्रेलिया | 1 | 0 | 1 | 0 | 0 | 0 | -4.450 |















