बीसीसीआई सचिव जय शाह ने स्पष्ट किया है कि भारत एशिया कप 2023 के लिए पाकिस्तान का दौरा नहीं करेगा, ऐसे में पाकिस्तान से एशिया कप की मेजबानी छिन सकती है, जय शाह ने कहा कि वे इस आयोजन को किसी और जगह कराने की मांग करेंगे, जय शाह एशियन क्रिकेट काउंसिल के अध्यक्ष भी हैं…
नईदिल्ली (ए)। पाकिस्तान ने मंगलवार को भारत में अगले साल होने वाले 50 ओवर के विश्व कप से हटने की धमकी दी है. बीसीसीआई सचिव जय शाह ने एक बड़े बयान में स्पष्ट किया है कि भारत तटस्थ स्थान पर एशिया कप खेलना पसंद करेंगा और पाकिस्तान की यात्रा नहीं करेगा. एशियाई क्रिकेट परिषद के कार्यकारी बोर्ड के निर्णय के अनुसार पाकिस्तान अगले साल एशिया कप के अगले संस्करण की मेजबानी करने वाला है. संयोग से शाह एशियाई क्रिकेट परिषद के अध्यक्ष भी हैं।
जय शाह के बयान के बाद बवाल
मंगलवार को मुंबई में बीसीसीआई एजीएम के बाद जय शाह ने पत्रकारों से एक अनौपचारिक बातचीत में कहा कि भारत एशिया कप तटस्थ स्थान पर खेलेगा. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष रमीज राजा के करीबी सूत्रों ने संकेत दिया कि शाह के बयान के बाद वे विरोध स्वरूप जिन विकल्पों पर विचार कर रहे हैं, उनमें से एक भारत में 50 ओवर के आईसीसी विश्व कप 2023 से बाहर होना है।
पीसीबी ले सकता है बड़ा फैसला
एक वरिष्ठ पीसीबी सूत्र ने नाम नहीं उजागर करने की शर्त पर पीटीआई को बताया कि पीसीबी अब कड़े फैसले लेने के लिए तैयार है. क्योंकि बोर्ड यह भी जानता है कि अगर पाकिस्तान इन वैश्विक टूर्नामेंट में भारत के खिलाफ नहीं खेलेगा तो आईसीसी और एसीसी को व्यवसायिक नुकसान का सामना करना पड़ सकता है. बता दें कि भारत एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ खेलता है, लेकिन टीम ने 2008 एशिया कप के बाद से पड़ोसी देश की यात्रा नहीं की है।
आखिरी बार 2012 में भारत आया था पाकिस्तान
पाकिस्तान आखिरी बार 2012 में छह मैचों की सफेद गेंद की द्विपक्षीय श्रृंखला के लिए भारत आया था. जब इस मामले पर पीटीआई ने पीसीबी से संपर्क किया तो उन्होंने शाह के बयान पर आधिकारिक प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया।. एक प्रवक्ता ने कहा, ‘इस समय हमारे पास कहने के लिए कुछ नहीं है, लेकिन हां हम चीजों को देखेंगे और अगले महीने मेलबर्न में आईसीसी बोर्ड की बैठक जैसे उपयुक्त मंचों पर इस मामले को उठायेंगे।
शाह के बयान से पीसीबी हैरान
हालांकि यह पता चला है कि पीसीबी अध्यक्ष राजा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी जय शाह की इस घोषणा से बहुत परेशान हैं कि भारत अगले साल पाकिस्तान की यात्रा नहीं करेगा. और अब पीसीसी ने कुछ कड़े फैसले लेने का फैसला किया है. एक अंदरूनी सूत्र ने कहा, “पीसीबी अधिकारी जय शाह के बयान के समय पर हैरान हैं क्योंकि सितंबर 2023 में पाकिस्तान में एशिया कप होने में अभी भी लगभग एक साल बाकी है।”
एसीसी से बाहर हो सकता है पीसीबी
उन्होंने कहा कि पीसीबी को इस मुद्दे पर किसी घोषणा या बयान की उम्मीद नहीं थी. पीसीबी सोच रहा है कि जय शाह ने किस क्षमता में यह बयान दिया है. क्योंकि मेजबानी के अधिकार एसीसी के कार्यकारी बोर्ड द्वारा प्रदान किये गये थे, अध्यक्ष के द्वारा नहीं. राजा इस मामले में एसीसी को कड़ा पत्र भेजेंगे और शाह के बयान पर चर्चा के लिए अगले महीने मेलबर्न में एसीसी बोर्ड की आपात बैठक बुलाने की मांग करेंगे। विचाराधीन एक विकल्प एसीसी से बाहर होना होगा क्योंकि पीसीबी का मानना है कि एसीसी का गठन क्षेत्र में क्रिकेट को बढ़ावा देने और विकसित करने और सदस्य देशों के बीच एकता बनाने के लिए किया गया था. लेकिन एसीसी के अध्यक्ष इस तरह के बयान दे रहे हैं।
एशियाई क्रिकेट परिषद के प्रमुख जय शाह ने मंगलवार को मुंबई में 91वीं बीसीसीआई वार्षिक आम बैठक (एजीएम) से इतर कहा कि भारतीय क्रिकेट टीम 2023 में एशिया कप के लिए पाकिस्तान नहीं जायेगी. एशिया कप 2023 की मेजबानी पाकिस्तान को सौंपी गयी थी. सूत्रों ने पहले कहा था कि बीसीसीआई टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए टीम इंडिया को भेजने के लिए तैयार है. शाह, जो बीसीसीआई सचिव भी हैं, ने कहा कि 2023 एशिया कप तटस्थ स्थान पर खेला जा सकता है, न कि पाकिस्तान।















