खैरागढ़। रविवार 09 अक्तूबर को पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नेहा पांडे के मार्गदर्शन में तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस प्रशांत खांडे के निर्देशन में एवं थाना प्रभारी खेरागढ़ राजेश साहू की उपस्थिति में संगीत नगरी खैरागढ़ में पहली बार आयोजित की गई मैराथन में युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। संगीत नगरी खैरागढ़ के इतिहास में पहली बार जिला पुलिस व ड्रीम्स एकाडमी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित मैराथन दौड़ का आयोजन रविवार को किया गया। पुरुषों के लिए 11 किमी तथा महिलाओं के लिए 5 किमी की दूरी मैराथन दौड़ के लिए निर्धारित की गई थी, जिसमें पुरुष वर्ग में प्रथम स्थान पर उत्तर प्रदेश के आसिफ खान, दूसरे स्थान पर चपोरा के मनीष कुमार व तीसरे स्थान पर झारखंड के अर्जुन टूडू रहे। वहीं महिला वर्ग में प्रथम स्थान पर दुर्ग की प्रियंका साहू, दूसरे स्थान पर बालोद की भिनेश्वरी साहू व तीसरे स्थान पर दुर्ग की रुखमणी साहू रहीं तथा 10 नंबर तक के आने वाले को सदभावना पुरस्कार दिया गया।
खैरागढ़ छुईखदान गंडई जिले की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नेहा पांडेय ने मैराथन दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान छत्तीसगढ़ के मिल्खा सिंह सरजू दास साहू,जिला पंचायत सभापति घम्मन साहू,नगर पालिका अध्यक्ष शैलेंद्र वर्मा सहित जनप्रतिनिधि व आयोजन समिति के सदस्यगण उपस्थित थे। युवाओं का उत्साह बढ़ाने खैरागढ़ पहुंचे छत्तीसगढ़ के मिल्खा सिंह ने युवाओं को रनिंग के लिए प्रोत्साहित किया इस दौरान जिला पंचायत सभापति घम्मन साहू,नगर पालिका अध्यक्ष शैलेंद्र वर्मा सहित जनप्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी व ड्रीम्स एकाडमी के सदस्यगण मौजूद थे।
मैराथन के पश्चात कार्यक्रम के समापन व विजेताओं के पुरस्कार वितरण समारोह के लिए छत्तीसगढ़ युवा आयोग के अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार व खैरागढ़ की विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा पहुंचे। जहां युवा आयोग के अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार ने कहा कि हम हमेशा दूसरों के लिए दौड़ते हैं जबकि मैराथन में हम अपने लिए दौड़ते हैं। विधायक यशोदा वर्मा ने कहा कि जिला बनने के बाद यहां खेल के बड़े आयोजन की संभावनाएं भी बढ़ गई है निश्चित ही भविष्य में खेल के क्षेत्र में बेहतर आयोजन होंगे।
खैरागढ़ में प्रथम बार हुए मैराथन में पुरुष वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले उत्तर प्रदेश के आसिफ खान ने खैरागढ़ के युवाओं के लिए कहा कि जिस जगह में किसी भी खेल का आयोजन किया जाता है वहां के युवाओं को भी उस आयोजन में विजेता बनकर निकलना चाहिए। खैरागढ़ में काफी संभावनाएं हैं यहां के युवा भी बेहतर कर सकते हैं जिसके लिए उन्हें मेहनत करने की आवश्यकता है।

















