अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा महोत्सव 5 से 11 अक्टूबर तक कुल्लू के ढालपुर मैदान में मनाया जाएगा, ऐतिहासिक कुल्लू दशहरा समारोह में प्रधानमंत्री इस दिव्य रथ यात्रा और देवताओं की भव्य सभा के साक्षी बनेंगे…
नईदिल्ली (ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार हिमाचल प्रदेश दौरे पर रहेंगे. जहां वह बिलासपुर में एम्स का उद्घाटन करेंगे. साथ ही 3650 करोड़ से अधिक के परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। पीएमओ से मिली जानकारी के अनुसार, 1470 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित एम्स बिलासपुर, 18 स्पेशलिटी और 17 सुपर स्पेशियलिटी विभागों, 18 मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर और 64 आईसीयू बेड के साथ 750 बेड वाला एक अत्याधुनिक अस्पताल है।
मेडिकल डिवाइस पार्क की आधारशिला रखेंगे पीएम मोदी: पीएम मोदी इसके बाद पिंजौर से नालागढ़ तक राष्ट्रीय राजमार्ग-105 पर 1690 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली लगभग 31 किलोमीटर लंबी परियोजना की आधारशिला भी रखेंगे. पीएमओ के अनुसार, राजमार्ग राज्य में पर्यटन को भी बढ़ावा देगा. प्रधानमंत्री नालागढ़ में करीब 350 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले मेडिकल डिवाइस पार्क की आधारशिला रखेंगे. बाद में पीएम मोदी बंदला में गवर्नमेंट हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज का उद्घाटन करेंगे।
युवाओं को कौशल और रोजगार के पर्याप्त अवसर: पीएमओ ने एक बयान में कहा गया है कि लगभग 140 करोड़ रुपये की लागत से, कॉलेज जलविद्युत परियोजनाओं के लिए प्रशिक्षित जनशक्ति उपलब्ध कराने में मदद करेगा, जिसमें हिमाचल प्रदेश अग्रणी राज्यों में से एक है. यह युवाओं को कौशल प्रदान करने और जलविद्युत क्षेत्र में रोजगार के पर्याप्त अवसर प्रदान करने में मदद करेगा।
कुल्लू दशहरा समारोह में शामिल होंगे पीएम मोदी: इसके बाद पीएम मोदी बुधवार को कुल्लू दशहरा समारोह में भी शामिल होंगे. बता दें कि अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा महोत्सव 5 से 11 अक्टूबर तक कुल्लू के ढालपुर मैदान में मनाया जाएगा. ऐतिहासिक कुल्लू दशहरा समारोह में प्रधानमंत्री इस दिव्य रथ यात्रा और देवताओं की भव्य सभा के साक्षी बनेंगे. यह पहली बार होगा जब देश के प्रधान मंत्री कुल्लू दशहरा समारोह में भाग ले रहे हैं. यह महोत्सव खुद में अनूठा माना जाता है. इसके पीछे का कारण है कि यह घाटी के 300 से अधिक देवताओं की सभा है।















